22 वर्षों से नर्सरी से कक्षा 8वीं तक निःशुल्क शिक्षा दे रहीं प्राचार्य निशा, शिक्षा सेवा से रच रहीं प्रेरक इतिहास

जीराबाद (धार)। ग्राम जीराबाद, जिला धार की प्रख्यात शिक्षाविद एवं प्राचार्य निशा खान शिक्षा के क्षेत्र में अपने उल्लेखनीय योगदान के लिए जनपद, जिला, संभाग, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अनेक बार सम्मानित हो चुकी हैं। पिछले 22 वर्षों से वे नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों को पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराकर समाज में शिक्षा की अलख जगा रही हैं।
प्राचार्य निशा खान अपने निशा खान हायर सेकेंडरी स्कूल के माध्यम से हजारों बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर रही हैं। शिक्षा के प्रति उनका समर्पण, निःस्वार्थ सेवा और सामाजिक सरोकार उन्हें क्षेत्र की प्रेरणादायी शिक्षाविदों में शामिल करते हैं।

निशा खान ने बताया कि वे अपनी बड़ी बहन को अपना आदर्श मानती हैं। उन्हीं के मार्गदर्शन और प्रेरणा से उन्होंने शिक्षा सेवा के इस मिशन को आगे बढ़ाया और निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहीं।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों को पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा दी जा रही है। इसके साथ ही बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों, अनुशासन और संस्कारों का भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि वे एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बन सकें।
प्राचार्य निशा खान के इस सराहनीय प्रयास की समाज के सभी वर्गों द्वारा प्रशंसा की जा रही है। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि उनका यह सेवा भाव शिक्षा के क्षेत्र में एक अनुकरणीय उदाहरण है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा सेवा के इस अभियान की निरंतर सफलता की कामना की हो.

























