उत्तराखंड : 1694 वर्दीधारी सिपाहियों की भर्ती, 25 नवंबर से आवेदन

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने विभिन्न विभागों में वर्दीधारी सिपाही (समूह-ग) के 1694 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग ने मंगलवार को भर्ती की अधिसूचना जारी करते हुए पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आयोग के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
इस भर्ती के तहत उत्तराखंड आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष) के 464, पीएसी-आईआरबी के 284, जनपदीय पुलिस (महिला) के 238 और फायरमैन के 201 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके अलावा वन आरक्षी के 171, स्पेशल टाइगर गार्ड के 75, बंदीरक्षक के 117, महिला बंदीरक्षक के 27, सचिवालय रक्षक के 54, आबकारी सिपाही के 45 और परिवहन आरक्षी के 18 पद शामिल हैं।
अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान हाईस्कूल प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की प्रति तथा लागू आरक्षण श्रेणी और पर्वतीय क्षेत्र से संबंधित प्रमाणपत्र अपलोड करने होंगे। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 28 से 30 दिसंबर 2026 तक अवसर दिया जाएगा। आयोग ने लिखित प्रतियोगी परीक्षा की संभावित तिथि 4 अप्रैल 2027 निर्धारित की है।
दो चरणों में होगा चयन
आयोग के अध्यक्ष जीएस मार्तोलिया के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित होगी। इस परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को ही दूसरे चरण में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
दूसरे चरण में 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ प्रकार की बहुविकल्पीय लिखित प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा ऑफलाइन माध्यम से होगी। अभ्यर्थियों का अंतिम चयन निर्धारित भर्ती नियमावली और चयन प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।
शारीरिक दक्षता परीक्षा के होंगे अलग मानक
शारीरिक दक्षता परीक्षा में अभ्यर्थियों को निर्धारित शारीरिक मापदंड पूरे करने होंगे। इसमें लंबाई, पुरुष अभ्यर्थियों के लिए जहां लागू हो वहां सीने की माप और शारीरिक दक्षता से जुड़े परीक्षण शामिल होंगे। पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए मानक अलग-अलग निर्धारित किए जाएंगे। इनका निर्धारण संबंधित पदों की भर्ती नियमावली के अनुसार होगा।



























