IND vs ENG: शुभमन गिल-गौतम गंभीर इन 7 खिलाड़ियों को करेंगे बाहर?

खबर शेयर करें

भारतीय क्रिकेट में एक नए दौर के आगाज का आधिकारिक ऐलान हो चुका है. रविचंद्रन अश्विन, रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे तीन सबसे बड़े दिग्गजों के संन्यास के साथ ही टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम का नया सफर शुरू हो चुका है. टीम के युवा स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल को कप्तानी की जिम्मेदारी देकर बीसीसीआई की सेलेक्शन कमेटी ने भविष्य की दिशा दिखा दी है. सेलेक्शन कमेटी ने गिल की कप्तानी में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए 18 सदस्यों वाले स्क्वॉड का ऐलान किया. इस स्क्वॉड में कुछ नए नए चेहरे भी शामिल हैं, जबकि कुछ की वापसी भी हुई है. अब सवाल ये है कि प्लेइंग-11 में किस-किसको जगह मिलेगी?

शनिवार 24 मई को अजीत अगरकर की अध्यक्षता में बीसीसीआई की सीनियर सेलेक्शन कमेटी ने टीम इंडिया का ऐलान किया. इस स्क्वॉड में जहां करुण नायर की 8 साल बाद टीम इंडिया में वापसी हुई, वहीं अर्शदीप सिंह और साई सुदर्शन को पहली बार इस फॉर्मेट में शामिल किया गया. वहीं मोहम्मद शमी और सरफराज खान जैसे कुछ खिलाड़ियों को मौका नहीं मिला. अब मौजूदा स्क्वॉड में कुछ बहुत अनुभवी और कुछ युवा खिलाड़ी शामिल हैं. ऐसे में हेड कोच गौतम गंभीर और नए कप्तान शुभमन गिल के सामने 11 खिलाड़ियों को चुनने की चुनौती होगी.

Ad

करुण नायर या सुदर्शन- किसे मिलेगा मौका?

कप्तान गिल के अलावा ओपनर यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल और बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत का नाम सबसे पहले आएगा. पंत टीम के उप-कप्तान भी नियुक्त किए गए हैं. उम्मीद यही है कि टीम इंडिया 6 बल्लेबाज और 5 गेंदबाजों के साथ उतरेगी. ऐसे में 2 अन्य बल्लेबाजों की जगह भरने के लिए टक्कर है. इसके दावेदार अभिमन्यु ईश्वरन, साई सुदर्शन, करुण नायर और नीतीश कुमार रेड्डी हैं. ओपनिंग की जगह खाली न होने से ईश्वरन की जगह बनती नहीं दिखती. अगर गिल नंबर-4 पर बैटिंग के लिए उतरते हैं तो उनकी नंबर-3 की पोजिशन पर बल्लेबाज साई सुदर्शन को खिलाए जाने की संभावना बहुत प्रबल है.

इसके बाद करुण नायर और नीतीश में से किसी एक को चुनने का सवाल आता है. अगर टीम बैटिंग लाइन-अप को लंबा करना चाहती है तो करुण को नंबर-5 पर उतारा जा सकता है, जिनके पास काउंटी क्रिकेट का अनुभव है. मगर गंभीर और गिल की सोच को देखते हुए रेड्डी पहले टेस्ट में उतरते दिख सकते हैं, जो इंग्लैंड की परिस्थितियों में स्विंग का फायदा उठाकर अतिरिक्त गेंदबाज का विकल्प दे सकते हैं. साथ ही ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें ड्रॉप करने की संभावना भी कम नजर आती है.

शार्दुल पर भरोसा

गेंदबाजी की बात करें तो स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह सारे मैच नहीं खेलेंगे, इसका ऐलान तो अगरकर ने ही कर दिया था. मगर शुरुआती दो टेस्ट में तो उनका खेलना तय है. उनके साथ मोहम्मद सिराज और स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का खेलना भी तय है. बचे हुए 2 गेंदबाजों की जगह के लिए कई दावेदार हैं, जिसमें शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, आकाश दीप और अर्शदीप के बीच असली टक्कर है. इसकी संभावना कम है कि टीम 2 स्पिनर एक साथ उतारेगी. शार्दुल ठाकुर के इंग्लैंड में अनुभव को देखते हुए उन्हें चुना जाना तय नजर आ रहा है, जबकि आकाश दीप को भी उनके प्रदर्शन का इनाम मिलना तय है.

पहले टेस्ट से बाहर होंगे ये 7 खिलाड़ी!

इससे साफ है कि अर्शदीप सिंह को अपने टेस्ट डेब्यू के लिए इंतजार करना पड़ सकता है. सिर्फ अर्शदीप ही नहीं, उनके साथ-साथ इंग्लैंड दौरे के लिए चुने गए 18 खिलाड़ियों में से पहले टेस्ट मैच में इन 7 खिलाड़ियों को बाहर बैठना पड़ सकता है- अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, वॉशिंगटन सुंदर और अर्शदीप सिंह

शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, शार्दुल ठाकुर, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह.

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

पहाड़ प्रभात डैस्क

समाजशास्त्र में मास्टर की डिग्री के साथ (MAJMC) पत्रकारिता और जनसंचार में मास्टर की डिग्री। पत्रकारिता में 15 वर्ष का अनुभव। अमर उजाला, वसुन्धरादीप सांध्य दैनिक में सेवाएं दीं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में समान रूप से पकड़। राजनीतिक और सांस्कृतिक के साथ खोजी खबरों में खास दिलचस्‍पी। पाठकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाना उनकी लेखनी की खासियत है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ट्रेंडिंग कंटेंट को वायरल बनाने के साथ-साथ राजनीति और उत्तराखंड की संस्कृति पर लिखने में विशेषज्ञता हासिल की है। वह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर ही नहीं, बल्कि एक ऐसे शख्स हैं जो हमेशा कुछ नया सीखने और ख़ुद को बेहतर बनाने के लिए तत्पर रहते हैं। देश के कई प्रसिद्ध मैगजीनों में कविताएं और कहानियां लिखने के साथ ही वह कुमांऊनी गीतकार भी हैं अभी तक उनके लिखे गीतों को कुमांऊ के कई लोकगायक अपनी आवाज दे चुके है। फुर्सत के समय में उन्हें संगीत सुनना, किताबें पढ़ना और फोटोग्राफी पसंद है। वर्तमान में पहाड़ प्रभात डॉट कॉम न्यूज पोर्टल और पहाड़ प्रभात समाचार पत्र के एडिटर इन चीफ है।