IND vs PAK: टीम इंडिया ने सिर्फ 52 गेंदों में जीता मैच, लगाई जीत की हैट्रिक

खबर शेयर करें

IND vs PAK: टीम इंडिया ने सिर्फ 52 गेंदों में जीता मैच, लगातार पांचवीं बार पाकिस्तान को रौंदा विमेंस एशिया कप 2026 में टीम इंडिया के दमदार प्रदर्शन के आगे पाकिस्तानी टीम भी नहीं टिक पाई. पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी भारतीय टीम अपने आखिरी ग्रुप मैच में पाकिस्तान से भिड़ने उतरी. इस मुकाबले पर काफी नजरें थीं लेकिन नतीजा एक बार फिर वही हुआ, जो पिछले 4 मैच में रहा. पाकिस्तान को सिर्फ 55 रन के सबसे छोटे स्कोर पर ढेर करने के बाद टीम इंडिया ने सिर्फ 52 गेंदों में लक्ष्य हासिल किया और 7 विकेट से ये मैच जीत लिया. इस तरह टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज का अंत जीत की हैट्रिक के साथ किया.

दुबई में खेले गए इस मैच में भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में लगातार पांचवीं जीत के इरादे से उतरी थी. वहीं पाकिस्तान के सामने भारत के खिलाफ जीत का सूखा खत्म करने का लक्ष्य था. पाकिस्तान ने अक्टूबर 2022 के बाद से ही टीम इंडिया के खिलाफ चारों मैच गंवाए थे. मगर फातिमा सना की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम का इंतजार इस बार भी खत्म नहीं हुआ क्योंकि भारतीय गेंदबाजों ने पहले ही पाकिस्तान को मैच से बाहर कर दिया.

पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना का टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला हैरान करने वाला रहा और जल्द ही ये साबित भी हो गया. टीम के ओपनर्स ने 27 रन की शुरुआत तो दिलाई लेकिन इसके बाद के बल्लेबाज सिर्फ औपचारिकता पूरी करने के लिए आते रहे. श्री चरणी (3/7), दीप्ति शर्मा (2/5), प्रेमा रावत (3/9) और शेफाली वर्मा (1/10) के रूप में भारतीय स्पिन अटैक ने पाकिस्तान को सिर्फ 55 रन पर निपटा दिया. यानि 27 रन पर पहला विकेट गंवाने के बाद पाकिस्तान ने अगले 9 विकेट सिर्फ 28 रन पर लुटा दिए. ये पाकिस्तान का टी20 में सबसे छोटा स्कोर है.

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड : ब्रेक फेल होने से सड़क पर पलटी रोडवेज की टेंपो ट्रैवलर, 17 यात्री घायल

अब गेंदबाजों ने तो तय कर ही दिया था कि मैच का नतीजा क्या होगा? बस देखना ये था कि बल्लेबाज कितना वक्त लेते हैं? शेफाली वर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का जमाकर लक्ष्य तक जल्दी पहुंचने का इरादा जाहिर किया. मगर पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने गेंदबाजी में अपना कमाल दिखाया. उन्होंने 2 ओवर के अंदर ही शेफाली, प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना के विकेट झटककर भारत को थोड़ा परेशानी में डाला. मगर टीम इंडिया की अनुभवी कप्तान हरमनप्रीत कौर (18) और उनके साथ दीप्ति शर्मा (12) ने मिलकर टीम को 8.4 ओवर में जीत दिला दी.

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

पहाड़ प्रभात डैस्क

समाजशास्त्र में मास्टर की डिग्री के साथ (MAJMC) पत्रकारिता और जनसंचार में मास्टर की डिग्री। पत्रकारिता में 15 वर्ष का अनुभव। अमर उजाला, वसुन्धरादीप सांध्य दैनिक में सेवाएं दीं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में समान रूप से पकड़। राजनीतिक और सांस्कृतिक के साथ खोजी खबरों में खास दिलचस्‍पी। पाठकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाना उनकी लेखनी की खासियत है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ट्रेंडिंग कंटेंट को वायरल बनाने के साथ-साथ राजनीति और उत्तराखंड की संस्कृति पर लिखने में विशेषज्ञता हासिल की है। वह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर ही नहीं, बल्कि एक ऐसे शख्स हैं जो हमेशा कुछ नया सीखने और ख़ुद को बेहतर बनाने के लिए तत्पर रहते हैं। देश के कई प्रसिद्ध मैगजीनों में कविताएं और कहानियां लिखने के साथ ही वह कुमांऊनी गीतकार भी हैं अभी तक उनके लिखे गीतों को कुमांऊ के कई लोकगायक अपनी आवाज दे चुके है। फुर्सत के समय में उन्हें संगीत सुनना, किताबें पढ़ना और फोटोग्राफी पसंद है। वर्तमान में पहाड़ प्रभात डॉट कॉम न्यूज पोर्टल और पहाड़ प्रभात समाचार पत्र के एडिटर इन चीफ है।