देहरादून: भाजपा में मंडल अध्यक्षों के नामों पर मंथन, 20 तक होगी घोषणा

Dehradun News: भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने मंडल अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में आज छह जिलों की 20 विधानसभा सीटों के पर्यवेक्षकों द्वारा तैयार 104 मंडलों के नामों के पैनल पर विस्तार से चर्चा की गई।
तीन दिनों तक चलेगी चयन प्रक्रिया
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश चुनाव अधिकारी एवं राजपुर विधायक खजान दास, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी और खिलेंद्र चौधरी उपस्थित रहे। संगठन पर्व के तहत यह प्रक्रिया 17 से 19 फरवरी तक चलेगी, जिसमें अलग-अलग जिलों के विधानसभा क्षेत्रों के पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट पर चर्चा होगी।
इन जिलों के मंडल अध्यक्षों के नामों पर बनी सहमति
बैठक में उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी और पौड़ी सहित कई जिलों की 20 विधानसभा सीटों के 104 मंडलों के अध्यक्षों के नामों पर चर्चा हुई। जिन विधानसभा क्षेत्रों पर विचार किया गया, वे इस प्रकार हैं:
- उत्तरकाशी: गंगोत्री, यमुनोत्री, पुरोला
- चमोली: बद्रीनाथ, कर्णप्रयाग, थराली
- रुद्रप्रयाग: केदारनाथ, रुद्रप्रयाग
- टिहरी: नरेंद्र नगर, टिहरी, प्रताप नगर, देवप्रयाग, धनौल्टी, धनसाली
- पौड़ी: श्रीनगर, चौबट्टाखाल, पौड़ी
- कोटद्वार: लैंसडाउन, कोटद्वार, यमकेश्वर
20 फरवरी तक होगी मंडल अध्यक्षों की घोषणा
बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन चुनाव की समय-सीमा के तहत 20 फरवरी तक मंडल अध्यक्षों की घोषणा कर दी जाएगी। इसके बाद 20 से 28 फरवरी के बीच जिला अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।भाजपा नेतृत्व ने बताया कि मंडल अध्यक्षों के चयन में संबंधित मंडल, जनपद, सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखा जा रहा है।