हल्द्वानी:दीपक रावत ने दिखाई सख्ती, मीरा पंत को वापस दिलाए 9.5 लाख रुपये

हल्द्वानी: आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने शनिवार को कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, बकाया धनराशि वापस दिलाने, झूठी शिकायत, बैंक में बंधक संपत्ति को मुक्त कराने समेत विभिन्न मामलों में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में काठगोदाम निवासी मीरा पंत ने बताया कि उन्होंने तपोवन काठगोदाम में भूमि खरीदने के लिए प्रमोद नामक व्यक्ति को 11 लाख रुपये दिए थे, लेकिन न तो उन्हें भूमि मिली और न ही धनराशि वापस की गई। पूर्व में हुई जनसुनवाई में उन्होंने यह मामला आयुक्त के समक्ष रखा था। दोनों पक्षों के बीच सहमति के बाद पिछले माह 7 लाख रुपये वापस कराए गए थे। शनिवार को 2.5 लाख रुपये की धनराशि भी वापस दिलाई गई। शेष 1.5 लाख रुपये सितंबर 2026 तक वापस करने के निर्देश दिए गए। धनराशि वापस मिलने पर मीरा पंत ने आयुक्त का आभार जताया।
इसी दौरान जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र नैनीताल की ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट तनुजा पांडेय समेत 10 कर्मचारियों ने फरवरी और मार्च 2026 से वेतन नहीं मिलने की शिकायत की। कर्मचारियों ने बताया कि वे नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन वेतन लंबित होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामले का संज्ञान लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने शिकायतकर्ताओं की बात सुनी और निदेशक समाज कल्याण, उत्तराखंड से वार्ता कर प्रत्येक दशा में एक सप्ताह के भीतर लंबित वेतन जारी करने के निर्देश दिए।
वहीं, सद्भावना कॉलोनी हल्द्वानी निवासी मंजू जोशी ने अपने भवन को बैंक के बंधक से मुक्त कराने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि दैवेश पाल और मनीष पाल ने वर्ष 2016 से उनके भवन को बैंक में बंधक रखकर 38 लाख रुपये का सीसी लोन लिया है। अब तक करीब 16 लाख रुपये ही जमा किए गए हैं और सीसी लोन खाते से धनराशि निकालने के कारण भवन बंधक मुक्त नहीं हो पा रहा है।
मामले में आयुक्त ने निर्देश दिए कि सीसी लोन खाते को समाप्त कर बैंक से लिखित प्रमाण लिया जाए। साथ ही संबंधित खाते से आगे केवल ऋण की धनराशि जमा हो और निकासी न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शेष धनराशि तीन माह के भीतर जमा कराने को कहा गया।
जनसुनवाई के दौरान किरन डालाकोटी ने चोरी हुई धनराशि वापस दिलाने, हेमा पचवाड़ी ने पड़ोसी द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने, नागेंद्र चंद्र ने ज्वेलरी शॉप में चोरी करने वाले आरोपी को पकड़ने तथा हिमांशु डालाकोटी ने रामपुर रोड मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण से जुड़ी समस्या आयुक्त के समक्ष रखी। आयुक्त दीपक रावत ने संबंधित अधिकारियों को मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया।































