अल्मोड़ा:रानीखेत के ऐना गांव में युवक की निर्मम हत्या, बचाने पहुंचीं दो महिलाओं पर भी जानलेवा हमला

Ranikhet News: अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र के द्वाराहाट ब्लॉक स्थित ऐना गांव में शुक्रवार रात एक युवक की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के दौरान युवक को बचाने पहुंचीं उसकी बुआ और चचिया सास पर भी हमलावर ने जानलेवा हमला कर दिया। दोनों महिलाओं को गंभीर हालत में गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान 19 वर्षीय सागर सिंह, पुत्र चंदन सिंह, निवासी सिमोली (द्वाराहाट ब्लॉक) के रूप में हुई है। सागर मेरठ में पढ़ाई कर रहा था और सेना भर्ती की तैयारी के लिए करीब 10 दिन पहले अपनी बुआ जानकी देवी के घर ऐना गांव आया था।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम करीब आठ बजे सागर घर में मौजूद था। इसी दौरान काले कपड़े पहने एक युवक घर में घुसा और धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में सागर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सागर की चीख-पुकार सुनकर उसकी बुआ जानकी देवी और चचिया सास सावित्री देवी (सबुली देवी) उसे बचाने दौड़ीं, लेकिन हमलावर ने दोनों पर भी हमला कर दिया। हमले में जानकी देवी के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि सबुली देवी का गला धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को ग्रामीणों की मदद से तत्काल गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। ग्रामीणों ने घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने को प्राथमिकता दी, जिसके कारण आरोपी मौके से भागने में सफल रहा।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक हरबंश सिंह और क्षेत्राधिकारी भावना कैंथोला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने हत्या के कारणों का खुलासा नहीं किया है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश, लूटपाट सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे ऐना गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच कर रही है।



























