गुजरात में भीषण सड़क हादसा: कोटद्वार के तीन परिवारों में सात लोगों की दर्दनाक मौत

कोटद्वार। गुजरात के कच्छ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने उत्तराखंड के कोटद्वार में तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार और टेलर की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में कोटद्वार के तीन परिवारों के सात सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो सैन्यकर्मियों के साथ उनकी पत्नियां और मासूम बेटियां भी शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही कोटद्वार में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों की पहचान गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता नेगी और बेटी शिविका के रूप में हुई है। इसके अलावा सेकंड गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक राजेश सिंह रावत और उनकी बेटी रक्षिता ने भी हादसे में जान गंवा दी। वहीं, नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गोसाईं और मासूम बेटी वामिका की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई। नायक नितिन गुसाईं हादसे के समय ड्यूटी पर थे और सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, सौरभ सिंह नेगी का परिवार कोटद्वार के लालपुर में गढ़वाली टंकी के पास रहता था, जबकि राजेश सिंह रावत का परिवार सिमलचौड़ और नितिन गुसाईं का परिवार मोटाढाक में निवास करता है। बताया जा रहा है कि सौरभ के परिवार के लोग बेटी के जन्मदिन के अवसर पर कोटद्वार से गुजरात गए थे। परिवारों के लिए खुशी का यह सफर जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन गया।
गढ़वाल राइफल्स के ब्रिगेडियर विनोद नेगी के अनुसार, तीनों परिवार गुजरात के रण क्षेत्र में घूमने गए थे। शनिवार रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच वापस लौटते समय भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वेकरिया क्षेत्र के पास उनकी कार सामने से आ रहे टेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दो हिस्सों में बंट गई। हादसे में कार सवार सात लोगों की जान चली गई।
सिर और शरीर पर गंभीर चोटें बनीं मौत की वजह
हादसे में जान गंवाने वाले सातों लोगों के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें लगी थीं। भुज के जीके जनरल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद जारी मृत्यु प्रमाणपत्रों में मौत का कारण हृदय और श्वसन तंत्र का काम करना बंद होना बताया गया है। चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार, सिर और शरीर पर लगी गंभीर चोटों से सदमे की स्थिति बनी, जिसके चलते हृदय और श्वसन तंत्र ने काम करना बंद कर दिया।
कोटद्वार में होगा अंतिम संस्कार
ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने बताया कि सभी मृतकों का पोस्टमार्टम करा दिया गया है और उनके पार्थिव शरीर को कोटद्वार लाया जा रहा है। देर शाम तक शवों के पहुंचने की संभावना जताई गई है। तीनों परिवारों के सदस्यों का अंतिम संस्कार कोटद्वार में ही किया जाएगा। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे कोटद्वार क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जिन घरों में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है। एक ही हादसे में तीन परिवारों के सात सदस्यों की मौत ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है।



























