उत्तराखंडः महाशिवरात्रि पर ठंडाई में मिलाकर पिया भांग, 24 लोग अस्पताल में भर्ती

Kotdwar News: शिवरात्रि पर्व पर प्रसाद रूप में बांटी गई ठंडाई (दूधिया) का अधिक सेवन करने से 24 से ज्यादा शिवभक्तों एवं आम लोगों की तबीयत बिगड़ गई। अलग-अलग जगहों से परिजन पीड़ितों को राजकीय बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कई लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती किया गया।
बुधवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवालयों में जलाभिषेक, भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना जैसे विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। कुछ स्थानों पर प्रसाद के रूप में ठंडाई का वितरण किया जा रहा था, जिसमें भांग की मात्रा अधिक होने के कारण कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई।

पीड़ितों की हालत गंभीर
भांग के अधिक सेवन से लोगों को उल्टी, जी-मचलाना, घबराहट, पेट दर्द और बेचैनी जैसी समस्याएं हुईं। कुछ लोग बेसुध हो गए, जिन्हें परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में मचा हड़कंप
महाशिवरात्रि के चलते अस्पताल बंद था और केवल इमरजेंसी वार्ड खुला था। बार-बार भांग पीड़ितों के पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टर इमरान ने पीड़ितों को प्राथमिक उपचार देकर भर्ती किया। देखते ही देखते सभी बेड भांग पीड़ितों से भर गए। पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। भांग पीड़ितों की जानकारी मिलने पर उन्होंने परिजनों से हालचाल जाना और डॉक्टरों से बेहतर इलाज देने के लिए कहा।











