हल्द्वानी : कोटाबाग में लगा बहुउद्देशीय शिविर, 54 लोगों ने लिया निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा का लाभ

कोटाबाग। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के द्वितीय चरण के अंतर्गत सेवा सप्ताह के अवसर पर गुरुवार को विकासखंड कोटाबाग में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्या, मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट, जिला एवं ब्लॉक पंचायत सदस्य, उपजिलाधिकारी कालाढूंगी, अपर जिलाधिकारी नैनीताल, खंड विकास अधिकारी कोटाबाग सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी नैनीताल के निर्देशानुसार आयोजित निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीतू कार्की, फार्मेसी अधिकारी देव प्रसाद बहुगुणा एवं कार्मिक अशोक कुमार ने सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर के दौरान कुल 54 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 23 पुरुष एवं 31 महिलाएं शामिल रहीं। सभी लाभार्थियों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं योग से संबंधित जनजागरूकता सामग्री (आईईसी) भी वितरित की गई।
शिविर में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श का लाभ उठाया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा आयुर्वेद एवं योग के प्रति लोगों को जागरूक करना है।



























