हल्द्वानी : 3.50 लाख के हिसाब-किताब पर घमासान, हल्द्वानी नगर व्यापार मंडल ने प्रांतीय संगठन से तोड़ा नाता

हल्द्वानी। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की हल्द्वानी महानगर इकाई के पदाधिकारियों ने वित्तीय हिसाब-किताब और संगठनात्मक मामलों को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। नगर इकाई ने प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड से अपना संबंध समाप्त करने की घोषणा की है। नगर पदाधिकारियों का कहना है कि यह निर्णय व्यापारियों के हित, संगठन में पारदर्शिता और जवाबदेही को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मति से लिया गया है।
नगर व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष योगेश शर्मा ने बताया कि नगर इकाई की ओर से लंबे समय से जिला इकाई से व्यापारियों से प्राप्त सदस्यता शुल्क और करीब 3.50 लाख रुपये के हिसाब-किताब एवं लेखा-जोखा की जानकारी मांगी जा रही थी। उनका कहना है कि बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद इस संबंध में उन्हें स्पष्ट और संतोषजनक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई।
महानगर महामंत्री मनोज जायसवाल ने बताया कि इस मामले से प्रदेश कार्यकारिणी को भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन नगर इकाई के अनुसार अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते पदाधिकारियों और व्यापारियों में असंतोष बढ़ता गया।
नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि संगठन के संविधान और निर्धारित नियमों के पालन, संगठनात्मक समस्याओं तथा सदस्यता राशि के लेखा-जोखा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। उनका कहना है कि इन परिस्थितियों में नगर इकाई के लिए व्यापारियों के हित में प्रभावी ढंग से कार्य करना कठिन हो रहा था।
सर्वसम्मति से लिया निर्णय
नगर पदाधिकारियों के अनुसार हल्द्वानी के व्यापारियों की ओर से लगातार पारदर्शिता और हिसाब-किताब स्पष्ट करने को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। इसी को देखते हुए नगर इकाई के सभी पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड से संबंध विच्छेद करने का निर्णय लिया।
पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उनके अनुसार यह निर्णय किसी व्यक्तिगत विवाद के कारण नहीं, बल्कि व्यापारियों के हित, संगठनात्मक पारदर्शिता और जवाबदेही को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
व्यापारियों के हित में काम जारी रखने का दावा
नगर व्यापार मंडल ने कहा कि प्रांतीय संगठन से संबंध समाप्त होने के बावजूद व्यापारियों की समस्याओं, उनके अधिकारों और व्यापारिक हितों के लिए संगठन का कार्य पूर्व की तरह जारी रहेगा। पदाधिकारियों ने कहा कि वे व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करेंगे।
नगर इकाई ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान सभी पदाधिकारी अपने-अपने पदों पर यथावत बने रहेंगे और पूर्व की भांति संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।
नगर व्यापार मंडल ने हल्द्वानी के व्यापारियों से संगठन के प्रति सहयोग और एकजुटता बनाए रखने की अपील की।
इस दौरान प्रेस वार्ता में नगर इकाई के पदाधिकारी योगेश शर्मा—महानगर अध्यक्ष, मनोज जायसवाल, महानगर महामंत्री, सचिन गुप्ता—वरिष्ठ उपाध्यक्ष, गौरव गुप्ता, कोषाध्यक्ष, उपेंद्र कंनवाल—संगठन मंत्री, संदीप सक्सेना प्रचार मंत्री मौजूद रहे।
















