हल्द्वानी : ग्रीनवुड्स ग्लोबल स्कूल के विद्यार्थियों किया कृषि विश्वविद्यालय के शैक्षिक भ्रमण

रुद्रपुर। ग्रीनवुड्स ग्लोबल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों के लिए गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान, कृषि, पशुपालन एवं खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने मत्स्य विभाग, मशरूम अनुसंधान केंद्र, दुग्ध प्रसंस्करण एवं पशु चिकित्सा विभाग का अवलोकन किया। मत्स्य विभाग में विद्यार्थियों को आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों तथा मछलियों के पालन-पोषण की वैज्ञानिक प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
मशरूम अनुसंधान केंद्र में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रजातियों के मशरूम, उनके उत्पादन की प्रक्रिया और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके उपयोग की जानकारी प्राप्त की। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को मशरूम में पाए जाने वाले जैव-सक्रिय तत्वों पर चल रहे शोध के बारे में भी बताया।
दुग्ध प्रसंस्करण विभाग में विद्यार्थियों ने दूध से आइसक्रीम, पनीर, खोया सहित विभिन्न उत्पाद तैयार करने की प्रक्रिया को समझा। वहीं पशु चिकित्सा विभाग में पशुओं की स्वास्थ्य जांच, एक्स-रे जैसी आधुनिक तकनीकों और उपचार की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। शैक्षिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान को वास्तविक जीवन की वैज्ञानिक प्रक्रियाओं से जोड़ने का अवसर मिला।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
























