हल्द्वानी: भारी बारिश के चलते ज्योलीकोट–क्वारब मार्ग पर रात्रिकालीन यातायात बंद, तीन दिन रहेगा डायवर्जन लागू

खबर शेयर करें

Haldwani News: अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, लोक निर्माण विभाग हल्द्वानी ने मौसम विभाग द्वारा 09, 10 एवं 11 जुलाई 2026 के लिए जारी भारी वर्षा चेतावनी के मद्देनज़र राष्ट्रीय राजमार्ग-87 विस्तार (नया एनएच-109) पर रात्रिकालीन यातायात डायवर्जन लागू करने की जानकारी दी है।

विभाग के अनुसार ज्योलीकोट–क्वारब मार्ग के कि.मी. 26 (पाड़ली), कि.मी. 33 (फ्रॉग पॉइंट) और कि.मी. 38 (छड़ा) क्षेत्र में रात के समय पहाड़ी से पत्थर एवं मलबा गिरने की आशंका अत्यधिक है। यात्रियों की सुरक्षा तथा सड़क रखरखाव कार्य में लगे कर्मचारियों को संभावित खतरे से बचाने के लिए 09, 10 एवं 11 जुलाई को प्रतिदिन रात्रि 10:00 बजे से प्रातः 5:00 बजे तक इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।

प्रशासन द्वारा इस अवधि के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं—

  • अल्मोड़ा से हल्द्वानी जाने वाले सभी वाहन क्वारब–नथुवाखान–रामगढ़–भवाली मार्ग से संचालित होंगे।
  • रानीखेत से हल्द्वानी जाने वाले वाहन अल्मोड़ा–क्वारब–नथुवाखान–रामगढ़–भवाली होकर जाएंगे।
  • हल्द्वानी से अल्मोड़ा जाने वाले वाहन खुटानी मार्ग का उपयोग करेंगे, जबकि अन्य वाहन भवाली–रामगढ़–नथुवाखान–क्वारब होकर अल्मोड़ा पहुंचेंगे।
  • हल्द्वानी से रानीखेत जाने वाले सभी वाहन भवाली–रामगढ़–नथुवाखान–क्वारब–अल्मोड़ा मार्ग से जाएंगे।
  • नैनीताल एवं ज्योलीकोट से अल्मोड़ा और रानीखेत जाने वाले सभी वाहन भवाली–रामगढ़–नथुवाखान–क्वारब होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी:(बड़ी खबर )- भारी बारिश का अलर्ट, शुक्रवार को भी बंद रहेंगे जिले के सभी स्कूल

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस एवं अग्निशमन (फायर) सेवा के वाहनों को इस डायवर्जन व्यवस्था से छूट रहेगी।जनपद पुलिस नैनीताल ने सभी यात्रियों, वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले डायवर्जन व्यवस्था की जानकारी अवश्य लें, अपनी यात्रा उसी के अनुरूप निर्धारित करें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें।

पहाड़ प्रभात डैस्क

समाजशास्त्र में मास्टर की डिग्री के साथ (MAJMC) पत्रकारिता और जनसंचार में मास्टर की डिग्री। पत्रकारिता में 15 वर्ष का अनुभव। अमर उजाला, वसुन्धरादीप सांध्य दैनिक में सेवाएं दीं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में समान रूप से पकड़। राजनीतिक और सांस्कृतिक के साथ खोजी खबरों में खास दिलचस्‍पी। पाठकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाना उनकी लेखनी की खासियत है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ट्रेंडिंग कंटेंट को वायरल बनाने के साथ-साथ राजनीति और उत्तराखंड की संस्कृति पर लिखने में विशेषज्ञता हासिल की है। वह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर ही नहीं, बल्कि एक ऐसे शख्स हैं जो हमेशा कुछ नया सीखने और ख़ुद को बेहतर बनाने के लिए तत्पर रहते हैं। देश के कई प्रसिद्ध मैगजीनों में कविताएं और कहानियां लिखने के साथ ही वह कुमांऊनी गीतकार भी हैं अभी तक उनके लिखे गीतों को कुमांऊ के कई लोकगायक अपनी आवाज दे चुके है। फुर्सत के समय में उन्हें संगीत सुनना, किताबें पढ़ना और फोटोग्राफी पसंद है। वर्तमान में पहाड़ प्रभात डॉट कॉम न्यूज पोर्टल और पहाड़ प्रभात समाचार पत्र के एडिटर इन चीफ है।