हल्द्वानीः राज्यसभा के लिए भाजपा का बड़ा फैसला, दिनेश आर्य को उत्तराखंड से टिकट

Haldwani News: भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए उत्तराखंड से दिनेश आर्य को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार को उनके नाम पर मुहर लगाई। पार्टी ने पश्चिम बंगाल से अभिनेत्री रुक्मिणी मल्लिक (कोयल मल्लिक) को उम्मीदवार बनाया है।
दिनेश आर्य नैनीताल जिले से ताल्लुक रखते हैं और भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वह पूर्व में नैनीताल जिला भाजपा अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में वह उत्तराखंड सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री हैं और राज्यस्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वह भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
भाजपा के इस फैसले को उत्तराखंड में सामाजिक प्रतिनिधित्व के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी के राज्यसभा में पहले से ओबीसी वर्ग से कल्पना सैनी और ब्राह्मण वर्ग से प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ऐसे में दिनेश आर्य को प्रत्याशी बनाए जाने से सामाजिक समीकरणों में एक और वर्ग का प्रतिनिधित्व जुड़ता है।
उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसी सीट के लिए राज्यसभा का चुनाव कराया जा रहा है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 16 अक्टूबर को मतदान और उसी दिन मतगणना होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर तथा नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी। भाजपा के प्रत्याशी चयन से उत्तराखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। अब नामांकन प्रक्रिया के बाद चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
















