हल्द्वानी :(बड़ी खबर)- ज्वेलर्स की दुकान से चोरी का खुलासा, जीतपुर नेगी के दो चोर गिरफ्तार

हल्द्वानी। काठगोदाम थाना पुलिस ने दमुवाढूंगा स्थित आभूषण की दुकान से करीब 95 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त ऑल्टो कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को जय कृष्णा ज्वेलर्स, दमुवाढूंगा के संचालक ने काठगोदाम कोतवाली में तहरीर दी थी। बताया गया था कि दो अज्ञात युवक बिना नंबर प्लेट की कार से दुकान पर पहुंचे और मौका पाकर करीब 95 हजार रुपये कीमत की गोल्ड चेन चोरी कर फरार हो गए।
मामले में काठगोदाम कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य माध्यमों से आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार की गई कार्रवाई के बाद पुलिस ने 24 अगस्त 2026 को कुंवरपुर रोड, बागजाला, गौलापार क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु मौर्य (18), निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड, हल्द्वानी और अंतरिक्ष सागर (18), निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त ऑल्टो कार संख्या UK04F-1588 बरामद की है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कुमकुम धानिक, उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह मेहता, हेड कांस्टेबल शैलेंद्र राणा, हेड कांस्टेबल भुवन चंद और कांस्टेबल टीका राम शामिल रहे।
























