हल्द्वानी :(बड़ी खबर)-गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा, कई बड़े बदमाश शामिल, किच्छा का निकला सरगना

हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर करीब आठ लाख रुपये, मोबाइल फोन और सोने के आभूषण लूटने के मामले का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 31 हजार रुपये और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, डकैती की साजिश जुए में हारी रकम की भरपाई के लिए रची गई थी।
19 अगस्त की शाम गोरापड़ाव क्षेत्र में 10 से 12 हथियारबंद लोगों द्वारा लूटपाट की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली थी। शिकायतकर्ता नारायण दास निवासी अंबा विहार, तीनपानी ने पुलिस को बताया कि केआईए शोरूम के पीछे स्थित उनके कार्यालय/गैरेज में नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर करीब आठ लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन, तीन सोने की चेन और अंगूठी आदि लूट लिए।
मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित कीं। एसपी क्राइम, एसपी हल्द्वानी, सीओ हल्द्वानी व लालकुआं के साथ थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, अपराध विशेषज्ञ, बीडीएस और डॉग स्क्वायड को जांच में लगाया गया।
सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और घटनास्थल के आसपास की जानकारी खंगालने के बाद पुलिस ने वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू निवासी सितारगंज और रखवीर सिंह निवासी शीशगढ़, बरेली को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने डकैती में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी किच्छा निवासी यश सिडाना के संपर्क में आए थे। यश सिडाना जुए में लाखों रुपये हार चुका था और आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। इसके बाद गोरापड़ाव में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की जानकारी के आधार पर डकैती की योजना बनाई गई। योजना के तहत पहले घटनास्थल की रेकी की गई और बाद में अन्य लोगों को भी साजिश में शामिल किया गया।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपियों ने लूटी गई रकम आपस में बांट ली और मोबाइल फोन रास्ते में फेंक दिए, ताकि पुलिस को डिजिटल साक्ष्य न मिल सकें। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि संगठित तरीके से अपराध किए जाने के आधार पर नए प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी वंशप्रीत से 31 हजार रुपये और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। वहीं, आरोपी रखवीर सिंह के खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस वंशप्रीत के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
एसएसपी ने डकैती कांड के शीघ्र खुलासे में शामिल पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई शेष रकम व सामान की बरामदगी के लिए दबिश दे रही है।
























