हल्द्वानी: बेड़ापोखरा और बेस अस्पताल में हुई चोरी की वारदातों का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी। पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गया अधिकांश सामान और बेस चिकित्सालय से चोरी हुए एसी के कॉपर पाइप भी बरामद कर लिए हैं।
पहली घटना में 8 जुलाई 2026 को बेड़ापोखरा, देवलचौड़ निवासी हेमंत सिंह ने अपने घर का ताला तोड़कर लैपटॉप, एलईडी टीवी, मोबाइल फोन, सीलिंग फैन, मंदिर की पीली धातु की मूर्तियां, झूले, तांबे के धार्मिक बर्तन और ट्रैकिंग बैग चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
दूसरी घटना में सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. खड़क सिंह दलाल ने अस्पताल परिसर से स्प्लिट एसी के आउटडोर कॉपर पाइप चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए दोनों घटनाओं का सफल खुलासा कर दिया।
पुलिस ने चोरी गए 42 इंच एलईडी टीवी, डेल लैपटॉप, सोनी एंड्रॉयड मोबाइल, मंदिर की चार पीली धातु की मूर्तियां, दो झूले, तांबे का धार्मिक पात्र, हैवेल्स सीलिंग फैन तथा बेस अस्पताल से चोरी हुए एसी के कॉपर पाइप बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक बिष्ट उर्फ गोलू (25 वर्ष), निवासी धारानौला, अल्मोड़ा तथा ऋषभ अग्रवाल (30 वर्ष), निवासी फूलबट्टा, किच्छा रोड, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रितिक बिष्ट के खिलाफ चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने दोनों मामलों का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए टीम को 1,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।



























