लालकुआं: मतदाता सूची को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 14 जुलाई को प्रकाशित होगी ड्राफ्ट सूची

हल्द्वानी। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 56-लालकुआं विधानसभा एवं उपजिलाधिकारी हल्द्वानी ने मंगलवार को तहसील लालकुआं में राजनीतिक दलों के BLA-1 प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित की।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी के BLA-1 दिनेश खुलबे तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के BLA-1 राम सिंह नगरकोटी को विधानसभा क्षेत्र के सभी 142 मतदान केंद्रों की ASD (Absent, Shifted, Dead) सूची उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने बताया कि 14 जुलाई को विधानसभा की ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जिसे सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद यदि कोई पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से छूट जाता है, तो वह फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकता है।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत घर-घर जाकर किए जा रहे सत्यापन कार्य में BLO का सहयोग BLA-2 के माध्यम से करने के लिए राजनीतिक दलों का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने सभी दलों से मतदाता सूची को अधिक से अधिक शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।



























