हल्द्वानी : बिना रजिस्ट्रेशन दोपहिया वाहन बेचने वाले डीलरों की खैर नहीं

नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के दोपहिया वाहनों के सड़क पर संचालन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने संभागीय परिवहन अधिकारियों को ऐसे वाहनों को चिन्हित कर संबंधित डीलरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त ने कहा कि नियमानुसार बिना रजिस्ट्रेशन के किसी भी वाहन का सड़क पर संचालन प्रतिबंधित है। यदि कोई वाहन डीलर खरीदार को बिना रजिस्ट्रेशन नंबर आवंटित हुए वाहन बेचकर सड़क पर चलाने के लिए देता है, तो संबंधित डीलर पर लाइफ टाइम टैक्स के 15 गुना जुर्माना लगाया जाएगा।
उन्होंने संभागीय परिवहन अधिकारी हल्द्वानी और अल्मोड़ा को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे सभी वाहनों को चिन्हित कर संबंधित वाहन डीलरों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। की गई कार्रवाई की रिपोर्ट सात दिन के भीतर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और वाहन संचालन से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है।
























