उत्तराखंड: पहाड़ से मैदान तक बरस रहे बादल, 6 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट,

Uttarakhand Weather: आज भी प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
कुमाऊं के सीमांत क्षेत्रों में भारी बारिश का असर सबसे अधिक दिखाई दे रहा है। लगातार वर्षा के कारण कई क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हुई है। गढ़वाल के पर्वतीय इलाकों में भी भूस्खलन के चलते मार्ग अवरुद्ध होने का सिलसिला जारी है। इससे ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों में लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
24 घंटे के भीतर कुमाऊं के कुछ क्षेत्रों में 150 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई। जबकि, देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं 60 से 80 मिमी तक बारिश हुई। इस बीच ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान भी सामान्य के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र भी सतर्क है।























