आमिर खान तीसरी बार करेंगे शादी, गौरी स्प्रैट संग लेंगे सात फेरे

मुंबई। बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर चल रही सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। अभिनेता ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि वह 5 जुलाई 2026 को अपनी पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। यह शादी बेहद सादगीपूर्ण होगी और इसमें केवल परिवार के सदस्य तथा करीबी दोस्त ही शामिल होंगे।
हाल ही में अभिनेता अरशद वारसी की आगामी सीरीज ‘प्रीतम और पेड्रो’ की स्क्रीनिंग के दौरान मीडिया से बातचीत में आमिर खान ने अपनी शादी की तारीख का खुलासा किया। इस दौरान उनके बेटे जुनैद खान भी मौजूद थे।


घर पर होगी सादगीभरी शादी
आमिर खान ने कहा, “हां, मेरी शादी 5 जुलाई को हो रही है। यह बहुत छोटी और निजी शादी होगी। हम अपने घर पर दोनों परिवारों की मौजूदगी में विवाह करेंगे। यह हमारे लिए बेहद खास दिन है। आप सभी से दुआ और आशीर्वाद की उम्मीद है कि हमारा साथ हमेशा खुशियों भरा रहे।”
सूत्रों के मुताबिक, शादी की रस्में मुंबई स्थित आमिर खान के घर पर आयोजित होंगी, जहां केवल परिवार के सदस्य और कुछ करीबी मित्र ही शामिल होंगे। शादी का रजिस्ट्रेशन भी इसी दौरान किया जाएगा।
बच्चों ने तैयार किया शादी का मेन्यू
जानकारी के अनुसार, आमिर और गौरी की शादी का पूरा मेन्यू उनके बच्चों ने मिलकर तैयार किया है। परिवार के बच्चों ने न सिर्फ मेन्यू तय किया है, बल्कि शादी की तैयारियों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। कपल ने समारोह को पूरी तरह पारिवारिक और निजी रखने का फैसला किया है।
सादगी को दी प्राथमिकता
आमिर खान पहले भी कह चुके हैं कि वह अपनी शादी को भव्य आयोजन की बजाय बेहद सरल और निजी रखना चाहते हैं। उनका कहना है कि यह सिर्फ परिवार और करीबी दोस्तों के बीच होने वाला एक रजिस्टर्ड विवाह होगा, जिसमें किसी तरह का बड़ा आयोजन नहीं किया जाएगा।
गौरी स्प्रैट कौन हैं?
गौरी स्प्रैट मूल रूप से बेंगलुरु की रहने वाली हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ आर्ट्स, लंदन से शिक्षा प्राप्त की है और फैशन व एंटरप्रेन्योरशिप के क्षेत्र से जुड़ी रही हैं। वर्तमान में वह आमिर खान प्रोडक्शंस के साथ भी काम कर रही हैं। गौरी की पिछली शादी से एक बेटा है।
आमिर की तीसरी शादी
यह आमिर खान की तीसरी शादी होगी। इससे पहले उनकी पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद खान और इरा खान हैं। बाद में उन्होंने किरण राव से विवाह किया, जिनसे उनका बेटा आज़ाद राव खान है। दोनों से अलग होने के बाद अब आमिर खान अपनी जिंदगी की नई शुरुआत गौरी स्प्रैट के साथ करने जा रहे हैं।



























