गंगोत्री हाईवे पर दर्दनाक हादसा, नागपुर के बुजुर्ग दंपति की मौत, तीन घायल

उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हेलगुगाड़ से लगभग 200 मीटर आगे गंगनानी की ओर उस समय हुआ, जब गंगोत्री से उत्तरकाशी की ओर आ रही एक स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 80 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, कार में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दो यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।


घायलों को तीन एम्बुलेंसों की सहायता से तत्काल जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, मृतकों के शवों को खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान लक्ष्मी दामोदर रामटेककर (67 वर्ष) तथा दामोदर हरीराम रामटेककर (77 वर्ष), निवासी नागपुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। दोनों गंगोत्री धाम यात्रा पर आए थे। दुर्घटना में घायल यात्रियों में विमल कुमार (61 वर्ष) निवासी भुवनेश्वर, ओडिशा, उपासना (54 वर्ष) निवासी भुवनेश्वर, ओडिशा तथा वाहन चालक यशवीर (35 वर्ष) निवासी पंजाब शामिल हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
























