सोमेश्वर: लोद में स्याल्दे बिखौति मेला इस बार होगा ऐतिहासिक, लोकगायकों से सजेगा मंच

Someshwar News: सोमेश्वर घाटी के लोद में हर वर्ष आयोजित होने वाला स्याल्दे बिखौति मेला इस बार भव्य और ऐतिहासिक रूप में मनाया जाएगा। पहली बार क्षेत्र के युवाओं ने इस पारंपरिक मेले को बड़े स्तर पर आयोजित करने की जिम्मेदारी उठाई है, जिसकी तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं।
मेले को खास बनाने के लिए क्षेत्रीय कलाकारों के साथ-साथ बाहरी कलाकारों और स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इस बार मेले को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और लोग इसे यादगार बनाने के लिए पूरी तरह जुटे हुए हैं।
इस संबंध में क्षेत्रीय युवाओं की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से मेले को भव्य रूप देने का निर्णय लिया गया। इसके तहत आगामी 15 और 16 अप्रैल को दो दिवसीय मेले की रूपरेखा तय की गई है। लोद घाटी सांस्कृतिक मंच द्वारा कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
15 अप्रैल को लोकगायक चन्द्रशेखर टम्टा और भास्कर भौर्याल के साथ स्थानीय कलाकार और स्कूली बच्चे अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं 16 अप्रैल को लोकगायक महेश कुमार और लोकगायिका मेघना चंद्रा अपने सुरों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
इस वर्ष मेले के आयोजन की जिम्मेदारी डॉ. वैभव भंडारी (राममूर्ति अस्पताल, भोजीपुरा बरेली), जो मूल रूप से ग्राम बले सोमेश्वर के निवासी हैं, द्वारा ली गई है। वर्षों से आयोजित होते आ रहे इस मेले को इस बार ऐतिहासिक बनाने के लिए क्षेत्र के युवा और बुजुर्ग मिलकर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

























