उत्तराखंडः चोर ले जा रहे थे बाइक, महिला बोली रूको, ये मोबाइल भी ले जाओ…

किच्छा: ग्राम आनंदपुर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां बाइक चोरी कर भाग रहे चोरों ने एक महिला को भी अपने झांसे में लेकर उसका मोबाइल फोन भी उड़ा लिया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम आनंदपुर निवासी हरे राम बुधवार दोपहर अपना कामकाज निपटाकर घर लौटे और अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी कर दी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने मौका पाकर बाइक का लॉक खोला और उसे लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि जब चोर गांव के बाहर पहुंचे तो वहां खड़ी एक महिला ने उन्हें रोक लिया। महिला ने चोरों को अपना मोबाइल फोन देते हुए कहा कि सामने खेत की सड़क पर उसके पति खड़े हैं, उन्हें यह मोबाइल दे दें। चोरों ने हामी भरते हुए मोबाइल लिया, लेकिन बाइक के साथ-साथ मोबाइल लेकर भी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद जब महिला को सच्चाई का पता चला तो वह भी हैरान रह गई। महिला के पति ने बताया कि उनकी पत्नी से मोबाइल पर गैस बुकिंग नहीं हो पा रही थी, जिस पर उन्होंने फोन कर किसी के हाथ मोबाइल भेजने को कहा था। उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि जिन लोगों को मोबाइल दिया जा रहा है, वे बाइक चोर हैं।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही हरे राम ने कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी। साथ ही गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

























