भीमताल: मंत्री राम सिंह कैड़ा का दौरा, ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

Bhimtal News: भीमताल विधानसभा क्षेत्र में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने शीतला, हरतोला, नथुवाखान, चाफी, अलचोना, ताडा सहित कई गांवों में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद किया।
ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष सड़क, पेयजल, बिजली और शिक्षा से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। मंत्री कैड़ा ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।


दौरे के दौरान मंत्री कैड़ा ने चाफी से अलचोना-ताडा मोटर मार्ग की खराब स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि इस मार्ग के डामरीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दी गई है और जल्द ही इसके लिए धनराशि स्वीकृत कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव के अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र की जनता की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और प्रदेश के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।























