हल्द्वानी : ग्रीनवूड्स ग्लोबल स्कूल में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन, नन्हे-मुन्नों की शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा मन

हल्द्वानी। आनंदपुर स्थित ग्रीनवूड्स ग्लोबल सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में शनिवार को फैंसी ड्रेस कार्यक्रम का आयोजन बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आकर्षक वेशभूषा और शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योति मेहता, अध्यक्ष हिम्मत सिंह, जिला पंचायत सदस्य डॉ. छवि कांडपाल एवं आयुषी सनवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उच्च प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित अलग-अलग विषयों पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां रहीं। प्री-प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक वेशभूषा में शानदार रैंप वॉक कर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों के आत्मविश्वास, प्रस्तुति और मनमोहक अंदाज ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
इस दौरान अभिभावकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने और उनका उत्साह बढ़ाने में अभिभावकों का सहयोग सराहनीय रहा।
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों एवं प्रधानाचार्या द्वारा पुरस्कार और सम्मान प्रदान किए गए। साथ ही सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।



























