हल्द्वानी: होली के रंग में रंगा शुभनाद संगीत स्कूल, कलाकारों ने होली और शास्त्रीय संगीत से लूटी महफ़िल

Haldwani News: रविवार को शुभनाद संगीत विद्यालय में होली महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं व अन्य कलाकारों ने शास्त्रीय संगीत और होली गायन की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन मेघा कुमारी ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र अखिलेश धपोला के ख्याल गायन से हुई, जिन्होंने राग मियां की तोड़ी में प्रस्तुति दी। इसके बाद उन्होंने राग अहीर भैरव में “राम का गुणगान” भजन गाकर अपने गायन का समापन किया। तबले पर संगत विद्यालय के संस्थापक पंकज आर्य ने की, जबकि हारमोनियम पर प्रांजल आर्य और तानपुरा पर शुभम ने संगत दी।

इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रागों में होली, ठुमरी, दादरा, भजन और होली गीत प्रस्तुत किए। राजेंद्र कोठारी ने कुमाऊनी होली गायन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, वहीं डॉक्टर गुंजन जोशी ने भी अपनी सुमधुर होली गीतों की प्रस्तुति से श्रोताओं का मन मोह लिया।
इस अवसर पर महेश चंद्र, पूजा पंत, मानसी, मधुसूदन, ऐश्वर्या, गुंजन, गंगा आर्य, तरुण, मुस्कान, अंशिका, लता, ईशा, ध्रुव, शगुन, दीपक, निर्मल, कमलेश, प्रिंस, दीक्षा पंत, किरण पंत सहित कई संगीत प्रेमी मौजूद रहे।