हल्द्वानी :(बड़ी खबर)-बनभूलपुरा में बिजली चोरी पर बड़ा एक्शन, 108 मामलों में FIR की तैयारी

हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने सोमवार सुबह तड़के पांच बजे से बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। किदवई नगर, इंदिरा नगर, गांधीनगर, नई बस्ती और आजाद नगर समेत कई इलाकों में सात टीमों ने एक साथ घरों और बिजली कनेक्शनों की जांच की। विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान कथित बिजली चोरी और मीटरों से छेड़छाड़ के मामले सामने आए। करीब 108 मामलों में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। संबंधित मीटरों को सीज कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई बनभूलपुरा कोतवाली के माध्यम से की जाएगी।
50 से 55 फीसदी तक मिला लाइन लॉस
कुमाऊं जोन के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने बताया कि विद्युत विभाग पिछले एक महीने से अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों पर नजर रख रहा था। इस दौरान बनभूलपुरा क्षेत्र के कुछ बिजली फीडरों पर लाइन लॉस 50 से 55 प्रतिशत तक पाया गया। इसके बाद बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक चेकिंग अभियान की रणनीति तैयार की गई।
अभियान में अधिशासी अभियंता, एसडीओ, सहायक अभियंता और अवर अभियंताओं के साथ विभागीय विजिलेंस तथा पुलिस की टीमें भी शामिल रहीं। अधिकारियों के मुताबिक, पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
घरों के बाहर लगेंगे मीटर, आर्मर्ड केबल की तैयारी
बिजली चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने के लिए विद्युत विभाग अब क्षेत्र में व्यवस्था बदलने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत घरों के अंदर लगे बिजली मीटरों को बाहर शिफ्ट किया जाएगा। साथ ही सामान्य केबल के स्थान पर आर्मर्ड केबल लगाने की योजना है। क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का काम भी शुरू किया जाएगा।
विभाग का मानना है कि इन बदलावों से बिजली कनेक्शनों की निगरानी आसान होगी और बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी। बनभूलपुरा में चलाए गए इस अभियान के बाद बिजली चोरी करने वालों पर विभाग की सख्ती बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
Haldwani News, Banbhoolpura, Electricity Theft, Uttarakhand News, Electricity Department, Smart Meter, Nainital News, Power Theft Action, Pahad Prabhat











