हल्द्वानी: ग्राफिक एरा में ‘थिंक बियॉन्ड होटल्स’ पर अतिथि व्याख्यान, छात्रों को बताए करियर के नए रास्ते

हल्द्वानी। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी परिसर के हॉस्पिटैलिटी एवं मैनेजमेंट विभाग की ओर से विश्वविद्यालय के कॉन्फ्लुएंस हॉल में ‘थिंक बियॉन्ड होटल्स: करियर, सरकारी अवसर और उद्यमिता’ विषय पर विशेष अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को होटल उद्योग से आगे करियर के व्यापक अवसरों, सरकारी क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं से परिचित कराना था।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के राज्य संपत्ति विभाग के व्यवस्थापक अधिकारी चन्द्र शेखर लिंगवाल मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को पारंपरिक होटल प्रबंधन से आगे बढ़कर करियर के नए विकल्प तलाशने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सरकारी क्षेत्र में हॉस्पिटैलिटी पेशेवरों के लिए उपलब्ध रोजगार अवसरों, प्रशासनिक जिम्मेदारियों और अपना व्यवसाय शुरू करने की रणनीतियों पर विस्तार से जानकारी दी।
बेवरेज मास्टरक्लास में सीखी आधुनिक तकनीकें
कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। मैथ्यू टेसेरे (Mathieu Teisseire) ब्रांड और पंकज ढोबाल के सहयोग से विशेष बेवरेज मास्टरक्लास आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने आधुनिक मिक्सोलॉजी और पेय पदार्थ तैयार करने की तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
इसके अलावा जीवन भट्ट के नेतृत्व में हिमालय स्पिरिट्स (Himmaleh Spirits) की ओर से ब्रांड प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को पेय उद्योग, ब्रांड प्रबंधन और व्यावसायिक कार्यप्रणाली के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया गया।
हॉस्पिटैलिटी का क्षेत्र होटलों तक सीमित नहीं : डॉ. लोहानी
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के हल्द्वानी परिसर के निदेशक डॉ. एम.सी. लोहानी ने कहा कि हॉस्पिटैलिटी और मैनेजमेंट का क्षेत्र अब केवल होटलों तक सीमित नहीं है, बल्कि क्रूज, एयरलाइंस, इवेंट मैनेजमेंट, सरकारी संस्थानों और स्वरोजगार सहित अनेक क्षेत्रों में अवसर उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को अकादमिक ज्ञान के साथ उद्योग की वास्तविक जरूरतों, नेतृत्व क्षमता और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। अनुभवी सरकारी अधिकारियों और उद्योग विशेषज्ञों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों को नए दृष्टिकोण के साथ करियर चुनने तथा सफल उद्यमी बनने का आत्मविश्वास देता है।
विद्यार्थियों ने सवाल पूछकर जानीं करियर की संभावनाएं
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और मुख्य वक्ता से सीधे संवाद कर अपने करियर, सरकारी नौकरियों तथा स्वरोजगार से जुड़े सवालों के जवाब प्राप्त किए। कार्यक्रम के अंत में अतिथि का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर हॉस्पिटैलिटी एवं मैनेजमेंट विभाग के प्राध्यापक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।











