अल्मोड़ा: अंत्येष्टि कर लौट रहे ग्रामीणों की कार गहरी खाई में गिरी, एक की मौत, दो हालत गंभीर

खबर शेयर करें

अल्मोड़ा। काकड़ीघाट-शीतलाखेत मार्ग पर ताड़ीखेत ब्लॉक के हरड़े क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर एक कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में हरड़े गांव निवासी आनंद राम (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, हरड़े गांव निवासी आनंद राम पुत्र डूंगर राम, कैलाश राम पुत्र चनी राम और किशोर राम पुत्र जीवन राम काकड़ीघाट में एक परिचित की अंत्येष्टि में शामिल होने गए थे। देर शाम तीनों कार संख्या UK 04-2441 से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान शीतलाखेत रोड पर हरड़े क्षेत्र के एक तीखे मोड़ पर चालक किशोर राम वाहन से नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।

अंधेरे में चला रेस्क्यू अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही ग्राम प्रहरी हरीश राम सहित भवानी राम, गिरीश राम, ओमप्रकाश, सुनील कुमार, ललित मोहन और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद SDRF की छड़ा इकाई को सूचना दी गई। रात का घुप अंधेरा और पहाड़ी की दुर्गम स्थिति राहत-बचाव कार्य में बड़ी चुनौती बनी। खाई तक पहुंचने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। हादसे में आनंद राम की जान नहीं बचाई जा सकी, जबकि कैलाश राम और किशोर राम को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी में प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत को देखते हुए हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर है। सूचना पर रानीखेत पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: (JNU प्रकरण)-बेटियों की सुरक्षा और सम्मान से समझौता बर्दाश्त नहीं: कल्पना बोरा

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad

पहाड़ प्रभात डैस्क

समाजशास्त्र में मास्टर की डिग्री के साथ (MAJMC) पत्रकारिता और जनसंचार में मास्टर की डिग्री। पत्रकारिता में 15 वर्ष का अनुभव। अमर उजाला, वसुन्धरादीप सांध्य दैनिक में सेवाएं दीं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में समान रूप से पकड़। राजनीतिक और सांस्कृतिक के साथ खोजी खबरों में खास दिलचस्‍पी। पाठकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाना उनकी लेखनी की खासियत है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ट्रेंडिंग कंटेंट को वायरल बनाने के साथ-साथ राजनीति और उत्तराखंड की संस्कृति पर लिखने में विशेषज्ञता हासिल की है। वह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर ही नहीं, बल्कि एक ऐसे शख्स हैं जो हमेशा कुछ नया सीखने और ख़ुद को बेहतर बनाने के लिए तत्पर रहते हैं। देश के कई प्रसिद्ध मैगजीनों में कविताएं और कहानियां लिखने के साथ ही वह कुमांऊनी गीतकार भी हैं अभी तक उनके लिखे गीतों को कुमांऊ के कई लोकगायक अपनी आवाज दे चुके है। फुर्सत के समय में उन्हें संगीत सुनना, किताबें पढ़ना और फोटोग्राफी पसंद है। वर्तमान में पहाड़ प्रभात डॉट कॉम न्यूज पोर्टल और पहाड़ प्रभात समाचार पत्र के एडिटर इन चीफ है।