रामनगर के रिसोर्ट में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 52 गिरफ्तार, 10 युवतियां रेस्क्यू

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ढैला स्थित एकरोन रिसोर्ट में संचालित कथित सेक्स रैकेट और अवैध डांस बार का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी और पुलिस लाइन की स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से रिसोर्ट पर छापेमारी की।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान रिसोर्ट से कुल 52 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पकड़े गए लोग नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि रिसोर्ट में लंबे समय से कथित तौर पर अवैध डांस बार और सेक्स रैकेट संचालित किया जा रहा था। इस पूरे मामले में रिसोर्ट के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत भी सामने आई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बिना लाइसेंस संचालित किए जा रहे बार से भारी मात्रा में नकदी तथा आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। वहीं, रिसोर्ट का मैनेजर कार्रवाई के दौरान फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।


























