लालकुआं : दुग्ध समितियों के चुनाव में मुकेश बोरा का दबदबा, 12वीं बार निर्विरोध बने अध्यक्ष

खबर शेयर करें

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के पर्वतीय क्षेत्र की 245 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। चुनाव में अधिकांश समितियों में पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। कुल 245 समितियों में से 238 समितियों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जबकि सात समितियों में मतदान के माध्यम से पदाधिकारियों का चयन किया गया।

चुनाव में नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने च्यूरीगाड़ दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति से अध्यक्ष पद पर लगातार 12वीं बार निर्विरोध निर्वाचित होकर अपना दबदबा कायम रखा। बताया गया कि वर्ष 1996 से वह लगातार समिति के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होते आ रहे हैं।

वहीं, दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता ने बिंदुखत्ता रावत नगर सेकेंड दुग्ध समिति से अध्यक्ष पद पर लगातार तीसरी बार निर्विरोध निर्वाचित होकर अपनी मजबूत पकड़ बरकरार रखी। हल्द्वानी क्षेत्र की संचालक मंडल सदस्य दीपा रैकवाल भगवतपुर दुग्ध समिति तथा संचालक मंडल सदस्य हेमा पड़ियाड वुडाधुरा दुग्ध समिति से अध्यक्ष निर्वाचित हुईं।

बिंदुखत्ता टूटी पुलिया दुग्ध समिति से नवीन पपोला अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं, बोरिंग पट्टा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के चुनाव में नैनीताल दुग्ध संघ के पूर्व चेयरमैन भरत सिंह नेगी को करारी हार का सामना करना पड़ा। अध्यक्ष पद के चुनाव में उनके सामने मैदान में उतरे जगदीश पंत ने उन्हें शिकस्त देकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। इस नतीजे को सहकारी राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी : शास्त्रीय नृत्य में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, धनुष सदन रहा प्रथम

निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न दुग्ध समितियों में नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं प्रबंध कमेटी के सदस्यों के स्वागत और अभिनंदन का सिलसिला शुरू हो गया। नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं माला पहनाकर बधाई दी गई। समितियों में बड़ी संख्या में निर्विरोध निर्वाचन को सहकारिता की भावना, आपसी समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता के रूप में देखा जा रहा है।

नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा सहित संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, एफओ शांति कोरंगा, सहायक महिला डेरी गीता ओझा, मीना रौतेला, रश्मि धामी, सुरेश चंद्र, स्टोर प्रभारी खलील अहमद, प्रभारी रमेश आर्या, विपिन तिवाड़ी, कमलेश कुमार, महेश पांडे, जेई दिनेश कुलौरा, विजय चौहान एवं विमल कुमार ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और दुग्ध उत्पादकों के हित में मिलकर कार्य करने की अपेक्षा जताई।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानीः सीएम धामी आज हल्द्वानी में, देखिए पूरा कार्यक्रम

इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश कुनियाल सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं, विभिन्न जनप्रतिनिधियों, दुग्ध उत्पादकों एवं समिति सदस्यों ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

पहाड़ प्रभात डैस्क

समाजशास्त्र में मास्टर की डिग्री के साथ (MAJMC) पत्रकारिता और जनसंचार में मास्टर की डिग्री। पत्रकारिता में 15 वर्ष का अनुभव। अमर उजाला, वसुन्धरादीप सांध्य दैनिक में सेवाएं दीं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में समान रूप से पकड़। राजनीतिक और सांस्कृतिक के साथ खोजी खबरों में खास दिलचस्‍पी। पाठकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाना उनकी लेखनी की खासियत है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ट्रेंडिंग कंटेंट को वायरल बनाने के साथ-साथ राजनीति और उत्तराखंड की संस्कृति पर लिखने में विशेषज्ञता हासिल की है। वह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर ही नहीं, बल्कि एक ऐसे शख्स हैं जो हमेशा कुछ नया सीखने और ख़ुद को बेहतर बनाने के लिए तत्पर रहते हैं। देश के कई प्रसिद्ध मैगजीनों में कविताएं और कहानियां लिखने के साथ ही वह कुमांऊनी गीतकार भी हैं अभी तक उनके लिखे गीतों को कुमांऊ के कई लोकगायक अपनी आवाज दे चुके है। फुर्सत के समय में उन्हें संगीत सुनना, किताबें पढ़ना और फोटोग्राफी पसंद है। वर्तमान में पहाड़ प्रभात डॉट कॉम न्यूज पोर्टल और पहाड़ प्रभात समाचार पत्र के एडिटर इन चीफ है।