हल्द्वानी: विज्डम पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, वॉलीबॉल में हासिल किए दो पदक

हल्द्वानी। बाजपुर में 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित 10वीं उत्तराखंड राज्य खेल प्रतियोगिता में विज्डम पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की बालिका वॉलीबॉल टीम ने सीनियर और जूनियर वर्ग में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
विद्यालय की बालिका वॉलीबॉल टीम ने सीनियर वर्ग में बागेश्वर को शिकस्त देकर तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि जूनियर वर्ग में चम्पावत को हराकर द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं, सीनियर वर्ग में विद्यालय के बालक खिलाड़ियों ने रुद्रपुर को पराजित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के निदेशक राजेन्द्र सिंह पोखरिया ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया और खेल प्रशिक्षक कपिल बिष्ट के प्रयासों की भी प्रशंसा की। विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विज्डम पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
























