हल्द्वानी:कर्नल दंपत्ति से ठगे गए गहनों में से दो कंगन बरामद, बिहार का शातिर गिरफ्तार

हल्द्वानी। बुजुर्ग कर्नल दंपत्ति को झांसा देकर सम्मोहित करने और लाखों रुपये के आभूषण ठगने वाले गिरोह के एक सदस्य को मुखानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से ठगे गए सोने के दो कंगन भी बरामद किए गए हैं, जबकि उसके फरार साथी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, आकाश इन्क्लेव लालडांठ विठौरिया, मुखानी निवासी सेवानिवृत्त कर्नल कुंदन सिंह कालाकोटी ने 12 मई 2026 को थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 मई को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें और उनकी पत्नी को “पत्थर व आभूषण चमकाने” का झांसा दिया और सम्मोहित कर घर से सोने की चार चूड़ियां, दो चेन और एक अंगूठी ठग ली।
शिकायत के आधार पर थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 59/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर 12 जून को बाजपुर बस अड्डे के पास दबिश देकर एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके बैग से ठगे गए सोने के दो कंगन बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा कुमार (25 वर्ष) पुत्र कुमोद साह निवासी ग्राम लक्ष्मीपुर, थाना बरारी, जिला कटिहार (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी के एक अन्य साथी जितेंद्र साह का नाम भी सामने आया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।



























