हल्द्वानीः (दुःखद)-गर्दन की मालिश के बाद महिला की मौत, पिथौरागढ़ की निवासी है महिला

हल्द्वानी। दमुवादूंगा क्षेत्र में रहने वाली एक महिला की गर्दन की मालिश के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने कालाढूंगी रोड स्थित एक पहलवान पर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ निवासी रामचंद्र वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवादूंगा क्षेत्र में रहते हैं और निजी नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी मीनाक्षी को पिछले चार-पांच माह से गर्दन में दर्द की शिकायत थी। उनका सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार भी चल रहा था।
रामचंद्र के अनुसार, शनिवार को लोगों की सलाह पर वह अपनी पत्नी को कालाढूंगी रोड स्थित एक पहलवान के पास गर्दन की मालिश कराने लेकर गए थे। परिजनों का आरोप है कि मालिश के दौरान पहलवान ने महिला की गर्दन को जोर से हिला दिया। इसके बाद मीनाक्षी की हालत बिगड़ गई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजन आनन-फानन में महिला को बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों से जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम/चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
















