हल्द्वानी: आयुक्त दीपक रावत का एक्शन, प्लॉट खरीदार को मिले 5 लाख, 7 लाख लौटाने की डेडलाइन

हल्द्वानी: कुमाऊं आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर भूमि विवाद, स्कूल में दाखिला, फीस माफी, भरण-पोषण, अतिक्रमण और भूमि पर कब्जे समेत विभिन्न मामलों को सुना। आयुक्त ने कई मामलों का मौके पर समाधान कराया, जबकि गंभीर शिकायतों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
दाखिल-खारिज में अड़चन पर समझौता, खरीदार को वापस मिले 5 लाख
बनभूलपुरा निवासी अदनान अंसारी ने बताया कि उन्होंने नवाड़ खेड़ा, गौलापार में सलीम सैफी से एक प्लॉट खरीदा था। इसके लिए पांच लाख रुपये का भुगतान करने के साथ प्लॉट की रजिस्ट्री भी करा ली गई थी, लेकिन आपत्तियों के चलते दाखिल-खारिज नहीं हो पा रहा था।

मामला पूर्व जनसुनवाई में भी सामने आया था। आयुक्त के हस्तक्षेप के बाद आपसी समझौते के आधार पर 4.50 लाख रुपये पहले ही वापस कराए गए थे, जबकि शुक्रवार को शेष 50 हजार रुपये भी वापस करा दिए गए। पूरी धनराशि मिलने पर अदनान अंसारी ने आयुक्त का आभार जताया।
लिव-इन पार्टनर को तीन माह में 7 लाख लौटाने के निर्देश
एक युवती ने शिकायत की कि वह करीब तीन माह से लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही थी और युवक ने उससे करीब सात लाख रुपये का सोना एवं नकदी ली थी, जिसे वापस नहीं किया गया। जनसुनवाई में दोनों पक्षों को बुलाया गया। युवती द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों को युवक ने भी सही बताया। मामले में समझौते के आधार पर आयुक्त ने युवक को तीन माह के भीतर सात लाख रुपये युवती को लौटाने के निर्देश दिए। निर्धारित अवधि में धनराशि वापस नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
सफाई कर्मियों की गैरहाजिरी पर सख्ती, सभी वार्डों में बायोमेट्रिक के निर्देश
एक वार्ड में सफाई कर्मचारियों के सफाई कार्य से अनुपस्थित रहने की शिकायत पर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने नगर आयुक्त को सभी वार्डों में बायोमेट्रिक मशीन लगाने के निर्देश दिए, निगम के सुपरवाइजर नियमित रूप से वार्डों का निरीक्षण करें। अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों के साथ लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजरों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
तुमड़िया डैम क्षेत्र में सरकारी जमीन से कब्जा हटाने के निर्देश
दुर्गापुर के पूर्व प्रधान गुरमुख सिंह ने शिकायत की कि तुमड़िया डैम के पास ग्राम समाज, बंजर और सिंचाई विभाग की भूमि पर स्थानीय लोगों द्वारा कब्जा कर अवैध खरीद-फरोख्त की जा रही है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने तहसीलदार काशीपुर, नायब तहसीलदार और संबंधित चकबंदी अधिकारी को तुमड़िया डैम क्षेत्र का निरीक्षण कर भूमि से अवैध कब्जे तत्काल हटाने के निर्देश दिए। संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा गया।
आयुक्त ने सीओ चकबंदी और तहसीलदार काशीपुर को पांच दिन के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही दस्तावेजों की जांच कर उनमें किसी तरह की छेड़छाड़ या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
गुरु तेग बहादुर स्कूल में दाखिले की प्रक्रिया की होगी जांच
अनीता बिष्ट ने शिकायत की कि उन्होंने अपने पुत्र का कक्षा नौ में गुरु तेग बहादुर खालसा स्कूल में दाखिला कराने के लिए आवेदन किया था। विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में छात्र उत्तीर्ण हुआ, लेकिन इसके बावजूद दाखिला नहीं दिया गया।
आयुक्त ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद मामले में सीडीओ नैनीताल के माध्यम से जांच कराने के निर्देश दिए। जांच में दाखिले की प्रक्रिया में पारदर्शिता, आवेदनकर्ताओं से संपर्क न करने और मनमाने तरीके से दाखिला लेने समेत अन्य बिंदुओं की जांच की जाएगी। आयुक्त ने 15 दिन में जांच पूरी कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
इन शिकायतों पर भी हुई सुनवाई
जनसुनवाई में गौजाजाली निवासी नाहिदा ने स्कूल फीस माफ करने, शांति भट्ट ने बहू से भरण-पोषण दिलाने, किरन जोशी ने आर्थिक सहायता, हिमानी त्रिपाठी ने पड़ोसियों का अवैध अतिक्रमण हटाने, बागजाला निवासी फरहीन ने पारिवारिक खर्च दिलाने और राहुल लोहनी ने भूमि से कब्जा हटवाने की मांग रखी। आयुक्त ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया और शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
















