हल्द्वानी : ग्राफिक एरा में इनोविस्टा 2026 का भव्य समापन: गूगल, जेपी मॉर्गन और ग्लोबल लॉजिक के दिग्गजों की मौजूदगी में छात्रों ने बिखेरा जलवा

Haldwani News: ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के हल्द्वानी परिसर में चल रहा तीन दिवसीय वार्षिक टेक फेस्ट ‘इनोविस्टा 2026’ रविवार को बेहद उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हो गया। स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड कंप्यूटर एप्लीकेशंस और ‘टेक गीक्स’ के सहयोग से आयोजित इस फेस्ट के आखिरी दिन तकनीकी प्रतियोगिताओं, रोबोटिक्स, ई-स्पोर्ट्स और लकी ड्रा का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने पूरे कैंपस का माहौल खुशनुमा बना दिया।
इस तीन दिवसीय टेक फेस्ट का सबसे बड़ा आकर्षण 36 घंटे से लगातार चल रहा हैकाथॉन रहा, जिसमें कुल 50,000 रुपये का पुरस्कार पूल रखा गया था। इस हैकाथॉन के फाइनल इवैल्यूएशन के लिए गूगल से उज्ज्वल त्यागी और ग्लोबल लॉजिक से तुषार गोयल जैसे उद्योग विशेषज्ञ पहुंचे। विशेषज्ञों ने छात्रों द्वारा वास्तविक दुनिया की समस्याओं पर तैयार किए गए तकनीकी समाधानों की जमकर तारीफ की। कड़े मुकाबले के बाद ‘टीम ग्रेडिएंट’ ने पहला स्थान हासिल कर 25,000 रुपये का मुख्य पुरस्कार जीता, जबकि ‘कोड इन इट’ ने 15,000 रुपये के साथ दूसरा और ‘ब्लैंकस्पेस’ ने 5,000 रुपये के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा ‘टीम यूबीक्विटस’ और ‘हैकबडीज’ को 2,500-2,500 रुपये के सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया।
समापन अवसर पर उद्योग और शिक्षा जगत के बीच की दूरी को कम करने के उद्देश्य से एक विशेष एक्सपर्ट सेशन का भी आयोजन किया गया। जेपी मॉर्गन चेस से आए पंकज खुल्बे ने छात्रों को ‘न्यूरल नेटवर्क’ विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीप लर्निंग और स्मार्ट कंप्यूटिंग में न्यूरल नेटवर्क के बढ़ते उपयोग और भविष्य की संभावनाओं के बारे में बेहद सरल भाषा में छात्रों को समझाया।

फेस्ट के अंतिम दिन युवाओं के पसंदीदा गेमिंग और ई-स्पोर्ट्स का तड़का भी देखने को मिला। बीजीएमआई (BGMI) में 19 टीमों के 76 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें ‘मॉग’ (Mogg) की टीम ने पहला स्थान हासिल कर 3,000 रुपये का इनाम जीता, जबकि ‘कैंपस किंग्स’ दूसरे और ‘ओजीस’ तीसरे स्थान पर रहे। फ्री फायर (Free Fire) के रोमांचक मुकाबले में 36 टीमों के 144 खिलाड़ियों के बीच जंग हुई, जिसमें ‘टॉक्सिक फोर्स’ ने 6,000 रुपये का पहला पुरस्कार अपने नाम किया, जबकि ‘ओजीस’ दूसरे और ‘एचएलडी वोर्टेक्स’ तीसरे स्थान पर रहे। क्लैश रॉयल में 29 छात्रों की भिड़ंत के बीच नीरज चंद्रा विजेता बनकर उभरे।
गेमिंग के अलावा छात्रों ने अन्य प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 21 टीमों की भागीदारी वाली रील शूटिंग प्रतियोगिता में ‘टीम डब्लू एरा’ ने बाजी मारी, जबकि रोमांचक टेक ट्रेजर हंट का खिताब ‘द एक्सिओम’ टीम ने अपने नाम किया। टाइपिंग टेस्ट में स्पीड और सटीकता का परिचय देते हुए प्रियंशु बिष्ट पहले, मानक सिंह दूसरे और शुभम भट्ट तीसरे स्थान पर रहे।
समापन समारोह का सबसे रोमांचक मोड़ लगभग 2 लाख रुपये का लकी ड्रा रहा। इस बंपर लकी ड्रा में असूस वीवोबुक लैपटॉप का प्रथम पुरस्कार हरकीरत संधू के नाम रहा, जबकि दूसरा पुरस्कार प्लेस्टेशन 5 (PS5) दीपक सिंह को मिला और तीसरे पुरस्कार के रूप में एलईडी टीवी बच्चे सिंह ने जीता। इसके अलावा सैमसंग स्मार्टफोन सहित कई अन्य आकर्षक गैजेट्स के विजेताओं के नामों की घोषणा होते ही पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। वहीं कैंपस में विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए 30 फूड, क्राफ्ट और गेमिंग स्टॉल्स ने छात्रों को केवल मनोरंजन ही नहीं दिया, बल्कि उनमें टीमवर्क और मैनेजमेंट के व्यावहारिक गुण भी विकसित किए।
विश्वविद्यालय प्रबंधन और आयोजन समिति ने बताया कि ‘इनोविस्टा 2026’ जैसे आयोजन छात्रों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़ाकर प्रैक्टिकल नॉलेज से जोड़ते हैं। गूगल, ग्लोबल लॉजिक और जेपी मॉर्गन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से आए विशेषज्ञों के मार्गदर्शन ने छात्रों में नया आत्मविश्वास भरा है। तीन दिनों तक चला यह टेक फेस्ट युवाओं की सोच, नवाचार और सीखने के जज्बे के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
























