हल्द्वानी : प्राधिकरण 11 ने हल्द्वानी मीडिया 11 को 60 रन से हराया

हल्द्वानी। गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को हल्द्वानी मीडिया 11 और प्राधिकरण 11 के बीच रोमांचक टी-20 क्रिकेट मुकाबला खेला गया। मैच में प्राधिकरण 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हल्द्वानी मीडिया 11 को 60 रन से करारी शिकस्त दी।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी प्राधिकरण 11 की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 163 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से रोहित ने 35 गेंदों में 39 रन की सर्वाधिक पारी खेली। वहीं शाह आलम ने 19 गेंदों में 26 और कप्तान मनीष सिंह ने 22 गेंदों में 20 रन बनाए।
164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हल्द्वानी मीडिया 11 की टीम प्राधिकरण के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 18.5 ओवर में 103 रन पर ऑलआउट हो गई। मीडिया टीम की ओर से हर्ष रावत ने 40 गेंदों में 31 रन बनाकर संघर्ष किया। राकेश रावत ने 13 और अंकित साह ने 10 रन का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
गेंदबाजी में प्राधिकरण 11 के प्रदीप ने 3 ओवर में 12 रन देकर 2 विकेट झटके। हरेंद्र मेहता ने 13 रन और समीर अहमद ने 18 रन देकर 2-2 विकेट हासिल किए। वहीं हल्द्वानी मीडिया 11 की ओर से हर्ष रावत ने 20 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि संतोष जोशी ने 32 रन देकर 2 विकेट चटकाए। इस तरह प्राधिकरण 11 ने हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर मुकाबला 60 रन से अपने नाम कर लिया।

























