हल्द्वानी:(बड़ी खबर)-IPL में सट्टेबाजी करते तीन को दबोचा, 3.5 करोड़ का नेटवर्क बेनकाब

Haldwani News: मुखानी पुलिस और SOG (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने आईपीएल (IPL) मैचों पर सट्टा लगाने वाले एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने मोबाइल फोन, नगदी और करोड़ों रुपये के सट्टे का हिसाब-किताब बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में अब तक करीब साढ़े तीन करोड़ (₹3.5 करोड़) रुपये की सट्टेबाजी का खुलासा हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एस मोड़ स्थित मधुबन कॉलोनी के पास एक खाली प्लॉट में कुछ लोगों द्वारा मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित करने की सटीक सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को मोबाइल फोन के जरिए लाइव मैच पर सट्टेबाजी करते हुए मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नैनीताल जिले के ही स्थानीय निवासियों के रूप में हुई है। इस मामले में रवि गुप्ता निवासी: दुर्गा कॉलोनी, बनभूलपुरा, हल्द्वानी, रोहित गुप्ता निवासी दुर्गा कॉलोनी, बनभूलपुरा, हल्द्वानी और मोहित प्रसाद निवासी: नारायण नगर, विक्टोरिया नंबर-1, मुखानी, हल्द्वानी। को गिरफ्तार किया है।
6 मोबाइल, नगदी और करोड़ों का रजिस्टर बरामद
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी और मौके से सट्टेबाजी में इस्तेमाल होने वाला निम्नलिखित सामान बरामद किया है। जिसमें मोबाइल फोन 06 (सट्टेबाजी के रिकॉर्ड्स के साथ), नकद राशि ₹51,100 और सट्टे का पूरा हिसाब-किताब दर्ज करने वाला 01 रजिस्टर और पेन शामिल है।
रोजाना 7 से 8 लाख का होता था खेल
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार सटोरियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपियों ने बताया कि वे हर दिन करीब 7 से 8 लाख रुपये का सट्टा संचालित करते थे। अब तक इस नेटवर्क के जरिए करीब ₹3.5 करोड़ की सट्टेबाजी की जा चुकी है। पुलिस को बरामद मोबाइलों और रजिस्टर से इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े सफेदपोशों और सटोरियों के अहम सुराग मिलने की उम्मीद
मुख्य आरोपी का है पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में से मुख्य आरोपी रवि गुप्ता पहले से ही पुलिस की रडार पर था। उसके खिलाफ पूर्व में भी आबकारी अधिनियम (Excise Act), महामारी अधिनियम और NDPS एक्ट (नशीले पदार्थों की तस्करी) के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना मुखानी में (जुआ अधिनियम) में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
























