हल्द्वानी: 10वीं की छात्रा जेवर और नकदी लेकर नाबालिग संग लापता

हल्द्वानी। शहर के एक प्रतिष्ठित विद्यालय की कक्षा 10 की 15 वर्षीय छात्रा घर से लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी लेकर एक नाबालिग किशोर के साथ लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शहर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि 1 जुलाई की सुबह वह अपनी बेटी को नैनीताल रोड स्थित उसके विद्यालय के मुख्य द्वार पर छोड़कर आए थे। दोपहर करीब 3:15 बजे जब वह छुट्टी के समय बेटी को लेने स्कूल पहुंचे तो पता चला कि वह पूरे दिन विद्यालय ही नहीं पहुंची थी। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
परिजनों का आरोप है कि छात्रा घर से सोने के चार कड़े, छह अंगूठियां और करीब 10 हजार रुपये नकद भी साथ ले गई है। पुलिस ने स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें छात्रा एक किशोर के साथ स्कूटी पर बैठकर जाती हुई दिखाई दी। जांच में सामने आया है कि छात्रा शहर के ही एक अन्य विद्यालय में पढ़ने वाले नाबालिग छात्र के साथ गई है। परिजनों ने किशोर पर छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और छात्रा की बरामदगी के लिए कई टीमें गठित की हैं। उत्तर प्रदेश समेत आसपास के राज्यों में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि छात्रा के लापता होने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं और जल्द ही छात्रा को सकुशल बरामद करने की उम्मीद है।



























