देहरादून में गायक मासूम शर्मा पर विवाद, पुलिस ने भेजा नोटिस

देहरादून। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने डीएवी पीजी कॉलेज में कार्यक्रम के दौरान दिए गए अपने विवादित बयान पर सफाई पेश की है। उन्होंने कहा कि वह पिछले कुछ समय से एक संदिग्ध व्यक्ति की हरकतों से मानसिक दबाव में थे, जिसका असर मंच पर उनके व्यवहार में दिखा।
मासूम शर्मा ने एक वीडियो संदेश जारी कर बताया कि वह देहरादून के एक होटल में ठहरे हुए थे, जहां बीती रात से एक संदिग्ध युवक उनके आसपास घूम रहा था। उनकी टीम ने भी इस बारे में उन्हें आगाह किया था, लेकिन शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य घटना समझा। बाद में अमेरिका से उनके चाचा के बेटे का फोन आया, जिसमें बताया गया कि उसी व्यक्ति ने फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
उन्होंने कहा कि पूरी रात वह और उनकी टीम तनाव में रहे, जिसके चलते मंच पर बोलते समय उनका गुस्सा बाहर आ गया। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके शब्द भावनात्मक आवेश में थे और उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं था। उन्होंने कहा, “अगर मेरे शब्दों से किसी भाई या बहन को ठेस पहुंची है तो मैं इसके लिए माफी मांगता हूं।”
इधर, देहरादून पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए गायक को नोटिस भेजा है। चार पार्षदों ने नेहरू कॉलोनी थाने में उनके खिलाफ तहरीर दी है, जबकि डालनवाला थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
वहीं, मासूम के भाई विकास ब्राह्मणवास ने दावा किया कि एक गैंगस्टर उनके भाई को परेशान कर रहा है। उनके अनुसार, कुछ बदमाश हथियारों के साथ देहरादून पहुंचे थे और होटल में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

























