हल्द्वानी : पीएनबी के सीएसआर सहयोग से उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में कंप्यूटर लैब का उद्घाटन

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की सेंट्रल कंप्यूटर लैब के लिए उपलब्ध कराए गए कंप्यूटरों के प्रथम चरण का उद्घाटन मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर में किया गया। पीएनबी की ओर से लैब के लिए कुल 30 कंप्यूटर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है, जिसमें प्रथम चरण में 10 कंप्यूटर विश्वविद्यालय को प्रदान किए गए हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंजाब नेशनल बैंक देहरादून के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख अनुपम तथा विशिष्ट अतिथि हल्द्वानी के उपमहाप्रबंधक एवं मंडल प्रमुख सिद्धार्थ अधिकारी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगीत से हुआ। प्रो. जीतेन्द्र पाण्डे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा, विशेषकर दूरस्थ एवं मुक्त शिक्षा में डिजिटल अधोसंरचना, ऑनलाइन अध्ययन, ई-कंटेंट, प्रशिक्षण और तकनीक आधारित विद्यार्थी सहायता का महत्व लगातार बढ़ रहा है। पीएनबी का सहयोग विश्वविद्यालय की डिजिटल अधोसंरचना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

विशिष्ट अतिथि सिद्धार्थ अधिकारी ने पीएनबी की सीएसआर गतिविधियों और शिक्षा के क्षेत्र में बैंक के सामाजिक दायित्वों पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि अनुपम ने कहा कि शिक्षा और तकनीक के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने में संस्थानों के बीच सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं डिजिटल गतिविधियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग जारी रखने की बात कही।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: 25 लाख उधार लेकर की शादी, कार की मांग ने तोड़ा रिश्ता

कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने पीएनबी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तकनीक आज शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सहयोग मिलेगा तथा शैक्षणिक, प्रशिक्षण एवं डिजिटल शिक्षण गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। उन्होंने पीएनबी की पहल को शिक्षा के क्षेत्र में सीएसआर का उपयोगी उदाहरण बताया।

यह भी पढ़ें 👉  चमोली:टीएचडीसी टनल रेस्क्यू अभियान जारी, एक और श्रमिक मिला

कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव खेमराज भट्ट ने अतिथियों एवं पीएनबी के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पीएनबी के सहायक महाप्रबंधक दीप चन्द्र, मुख्य प्रबंधक बबीता कांडपाल सहित अन्य अधिकारी तथा विश्वविद्यालय के प्रो. गिरिजा पाण्डेय, प्रो. रेनू प्रकाश, प्रो. राकेश रायाल, प्रो. अरविन्द भट्ट, प्रो. आशुतोष कुमार भट्ट सहित शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

पहाड़ प्रभात डैस्क

समाजशास्त्र में मास्टर की डिग्री के साथ (MAJMC) पत्रकारिता और जनसंचार में मास्टर की डिग्री। पत्रकारिता में 15 वर्ष का अनुभव। अमर उजाला, वसुन्धरादीप सांध्य दैनिक में सेवाएं दीं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में समान रूप से पकड़। राजनीतिक और सांस्कृतिक के साथ खोजी खबरों में खास दिलचस्‍पी। पाठकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाना उनकी लेखनी की खासियत है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ट्रेंडिंग कंटेंट को वायरल बनाने के साथ-साथ राजनीति और उत्तराखंड की संस्कृति पर लिखने में विशेषज्ञता हासिल की है। वह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर ही नहीं, बल्कि एक ऐसे शख्स हैं जो हमेशा कुछ नया सीखने और ख़ुद को बेहतर बनाने के लिए तत्पर रहते हैं। देश के कई प्रसिद्ध मैगजीनों में कविताएं और कहानियां लिखने के साथ ही वह कुमांऊनी गीतकार भी हैं अभी तक उनके लिखे गीतों को कुमांऊ के कई लोकगायक अपनी आवाज दे चुके है। फुर्सत के समय में उन्हें संगीत सुनना, किताबें पढ़ना और फोटोग्राफी पसंद है। वर्तमान में पहाड़ प्रभात डॉट कॉम न्यूज पोर्टल और पहाड़ प्रभात समाचार पत्र के एडिटर इन चीफ है।