सोमेश्वर: सलौंज इंटर कॉलेज में वार्षिकोत्सव की धूम, छात्रों की प्रतिभा को मिला मंच

Someshwar News: सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के सलौंज स्थित पीएम श्री शहीद कैप्टन बहादुर कैड़ा अटल उत्कर्ष गवर्नमेंट इंटर कॉलेज में आयोजित वार्षिकोत्सव एवं पुरातन छात्र सम्मेलन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा गया कि वे विद्यालय में केवल शिक्षा प्राप्त करने ही नहीं, बल्कि समाज सेवा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से आए हैं और आगे चलकर समाज के लिए प्रेरणा बनें।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार में मंत्री एवं सोमेश्वर की विधायक रेखा आर्य ने विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए 10,000 लीटर क्षमता के पेयजल टैंक निर्माण हेतु ₹3 लाख तथा 100 कुर्सियों एवं अन्य फर्नीचर के लिए ₹2 लाख विधायक निधि से देने की घोषणा की। वहीं जिला पंचायत सदस्य पल्यूड़ा संतोष कुमार द्वारा विद्यालय में टाइल्स लगाने के लिए ₹2 लाख देने की घोषणा की गई।

इस दौरान पहाड़ प्रभात के संपादक एवं पूर्व छात्र जीवन राज ने भी मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए 12वीं कक्षा में प्रथम आने वाले विद्यार्थी को ₹5100, द्वितीय को ₹2100 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को ₹1100 की सम्मान राशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य कुन्दन भंडारी ने मंत्री रेखा आर्य से विद्यालय में विज्ञान वर्ग (Science Stream) शुरू करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अनेक प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को विज्ञान विषय की पढ़ाई के लिए दूर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विद्यालय में विज्ञान वर्ग शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी और उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधानाध्यापक दीवान सिंह नेगी खीम सिंह बोरा, किशन सिंह रावत, किशोर नयाल, जयंत सिंह कैड़ा, गोपाल राम टम्टा, प्रधानाचार्य सुनील कुमार चौधरी, सुंदर सिंह नेगी, शंकर सिंह भैसोड़ा, नवीन चंद्र ,ललित तिवारी,गीता आर्य ,नसरीन, शबाना परवीन ,उर्मिला शर्मा,काजल भोज ,प्रगति रौतेला, कैलाश नाथ,गौरव सिंह भाकुनी, गौरव कुमार,कुसुम राठौर ,अंजू राणा भगवती गोस्वामी, गिरीश आगरी, बीडीसी हेमंत कुमार समेत दर्जनों जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

























