Breaking: उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, शनिवार को पांच जिलों में स्कूल बंद

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने सचिव से वार्ता कर प्रदेश में मौसम की स्थिति और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मौसम पर लगातार नजर रखने और किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सचिव ने सभी 13 जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। मौसम विभाग के 25 सितंबर के पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट है।
27 सितंबर को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल और हरिद्वार में रेड अलर्ट तथा उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
इन पांच जिलों में स्कूलों की छुट्टी
मौसम की गंभीर चेतावनी को देखते हुए नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में 26 सितंबर को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। नैनीताल में रेड अलर्ट के मद्देनजर कक्षा 1 से संबंधित शिक्षण संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के बंद रहने की जानकारी भी सामने आई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने, नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

















