उत्तराखंडः मैगी बनाते समय छोटे सिलेंडर से गैस रिसाव, पिता और दो बच्चे झुलसे

खबर शेयर करें

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के वार्ड नंबर एक, शिमला बहादुर में शनिवार सुबह खाना बनाते समय गैस रिसाव के कारण अचानक आग लग गई। हादसे में एक पिता और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए बरेली रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, शिमला बहादुर निवासी नितेश ममगाई शनिवार सुबह अपने बच्चों आदि (9) और इशिका (11) के लिए कमरे में मैगी बना रहे थे। इसी दौरान छोटे एलपीजी सिलेंडर से गैस का रिसाव हो गया। देखते ही देखते कमरे में आग भड़क उठी और नितेश समेत दोनों बच्चे इसकी चपेट में आ गए।

आग लगने से मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाने का प्रयास किया और तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से झुलसे होने के कारण तीनों को बेहतर उपचार के लिए बरेली स्थित राममूर्ति अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मेयर विकास शर्मा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली तथा घायलों के बेहतर उपचार के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने एलपीजी सिलेंडर के इस्तेमाल के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

पहाड़ प्रभात डैस्क

समाजशास्त्र में मास्टर की डिग्री के साथ (MAJMC) पत्रकारिता और जनसंचार में मास्टर की डिग्री। पत्रकारिता में 15 वर्ष का अनुभव। अमर उजाला, वसुन्धरादीप सांध्य दैनिक में सेवाएं दीं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में समान रूप से पकड़। राजनीतिक और सांस्कृतिक के साथ खोजी खबरों में खास दिलचस्‍पी। पाठकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाना उनकी लेखनी की खासियत है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ट्रेंडिंग कंटेंट को वायरल बनाने के साथ-साथ राजनीति और उत्तराखंड की संस्कृति पर लिखने में विशेषज्ञता हासिल की है। वह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर ही नहीं, बल्कि एक ऐसे शख्स हैं जो हमेशा कुछ नया सीखने और ख़ुद को बेहतर बनाने के लिए तत्पर रहते हैं। देश के कई प्रसिद्ध मैगजीनों में कविताएं और कहानियां लिखने के साथ ही वह कुमांऊनी गीतकार भी हैं अभी तक उनके लिखे गीतों को कुमांऊ के कई लोकगायक अपनी आवाज दे चुके है। फुर्सत के समय में उन्हें संगीत सुनना, किताबें पढ़ना और फोटोग्राफी पसंद है। वर्तमान में पहाड़ प्रभात डॉट कॉम न्यूज पोर्टल और पहाड़ प्रभात समाचार पत्र के एडिटर इन चीफ है।