भीमताल में होम स्टे पर पर्यटन विभाग की छापेमारी, 3 पर 10-10 हजार का जुर्माना

भीमताल: जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को पर्यटन विभाग की टीम ने भीमताल क्षेत्र में संचालित होम स्टे इकाइयों का सघन भौतिक निरीक्षण किया। जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद आर्या के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान कुल 16 होम स्टे इकाइयों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान तीन होम स्टे इकाइयों का पंजीकरण एवं संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इन पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। इनमें पियो पैलेस, लेक माउंट और रोज मैरी शामिल हैं।
इसके अलावा सात होम स्टे इकाइयों में पर्यटकों के लिए गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध नहीं पाई गई। संबंधित संचालकों को तीन दिन का समय देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। नोटिस पाने वालों में सरोज कुमार दुर्गा, श्याम नारायण गुप्ता, रिमानी जोशी, ममता जोशी, अफसर खान और अंशुमन मोहता सहित अन्य संचालक शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान राघवेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह घुराल, तनवेंद्र शेखर, सुरभा होम स्टे और दीप विला होम स्टे में गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध पाई गई। वहीं कुछ होम स्टे इकाइयां बंद मिलीं। जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने कहा कि पर्यटकों को बेहतर, सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी होम स्टे संचालकों को पंजीकरण, स्वच्छता, सुरक्षा तथा अन्य निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
























