हल्द्वानी: ग्रीनवुड्स ग्लोबल के विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर लिया भाग

हल्द्वानी। उत्तराखंड वन विभाग की ओर से हरिपुर जमन सिंह में आयोजित वृक्षारोपण अभियान में ग्रीनवुड्स ग्लोबल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कक्षा 8, 9 और 11 के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या, प्रबंधक तथा प्राथमिक एवं माध्यमिक अनुभाग के समन्वयक उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण के माध्यम से हरित और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
वृक्षारोपण अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।






























