हल्द्वानी में 169 रुपये लीटर का पेट्रोल! जानिए क्यों है खास

हल्द्वानी। कुमाऊं के वाहन चालकों के लिए बड़ी खबर है। अब हल्द्वानी में शुद्ध पेट्रोल यानी Speed-100 भी उपलब्ध हो गया है। इसकी कीमत 169 रुपये प्रति लीटर रखी गई है। शनिवार से भोटियापड़ाव स्थित गुरुनानक सर्विस स्टेशन पर इसकी बिक्री शुरू हुई। पहले दिन करीब 8 से 10 वाहन चालकों ने अपने वाहनों में यह पेट्रोल भरवाया।
क्या है इस पेट्रोल की खासियत?
पर्वतीय पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चड्ढा के अनुसार, शुद्ध पेट्रोल मुख्य रूप से विंटेज कार-बाइक, हाई-परफॉर्मेंस वाहन, स्पोर्ट्स बाइक, बोट इंजन और जेनरेटर जैसे इंजनों के लिए उपयोगी माना जाता है।
इस पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण नहीं होता, जिसके कारण लंबे समय तक ईंधन रखने वाले इंजनों में नमी और जंग की संभावना कम रहने की बात कही जाती है। ऐसे वाहनों में इंजन की कार्यक्षमता बनाए रखने के लिए इसे एक विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है।
20 फीसदी इथेनॉल वाले पेट्रोल से अलग
चड्ढा ने बताया कि वर्तमान में देश के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर 20 फीसदी इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल उपलब्ध है। वहीं विशेष जरूरत वाले उपभोक्ताओं की मांग को देखते हुए भारत पेट्रोलियम की ओर से कुमाऊं में शुद्ध पेट्रोल उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।
विंटेज कार-बाइक मालिकों के लिए नया विकल्प
हल्द्वानी में Speed-100 की बिक्री शुरू होने से विंटेज कार और बाइक मालिकों के साथ-साथ विशेष श्रेणी के वाहन चालकों को ईंधन का एक नया विकल्प मिल गया है। हालांकि सामान्य वाहन चालकों के लिए 169 रुपये प्रति लीटर की कीमत इसे नियमित ईंधन के बजाय विशेष जरूरत वाले उपयोग का विकल्प बनाती है।

















