रामनगर: टैक्स बार एसोसिएशन ने जॉइंट कमिश्नर से की मुलाकात

Ramnagar News: रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष मोहम्मद फिरोज अंसारी एवं महासचिव एडवोकेट डॉ. मनु अग्रवाल के नेतृत्व में हल्द्वानी स्थित राज्य कर कार्यालय पहुंचा और जॉइंट कमिश्नर महोदया से मुलाकात कर व्यापारियों एवं करदाताओं की विभिन्न समस्याएं रखीं।
अध्यक्ष मोहम्मद फिरोज अंसारी ने रामनगर राज्य कर कार्यालय में एसआर (SIR) प्रक्रिया के कारण सीटीओ महोदय के कार्यमुक्त न होने का मुद्दा उठाते हुए इससे प्रभावित हो रहे विभागीय कार्यों को शीघ्र सुचारु कराने की मांग की।
महासचिव एडवोकेट डॉ. मनु अग्रवाल ने सर्वे एवं अन्य विभागीय कार्यवाहियों से व्यापारियों पर पड़ रहे अतिरिक्त दबाव का मुद्दा उठाते हुए प्रक्रियाओं को सरल एवं व्यावहारिक बनाने की मांग की।
उपाध्यक्ष एडवोकेट गुलरेज रज़ा ने महत्वपूर्ण विभागीय कार्रवाई अथवा नई प्रक्रिया लागू करने से पूर्व टैक्स बार एवं व्यापार मंडल को विश्वास में लेने तथा उत्तराखंड में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि अन्य राज्य ( राजस्थान, तेलंगाना ) में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए ऐसे कानून लागू हैं, इसलिए उत्तराखंड में भी अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानूनी प्रावधान किए जाने चाहिए।
पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट डॉ. पूरन चंद्र पाण्डेय ने अधिकारियों एवं व्यापारियों के बीच प्रशिक्षण और संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की, जबकि सदस्य भूपाल रावत ने व्यापारियों की बैठक आयोजित कर उनकी समस्याएं सीधे सुनने का आग्रह किया। जॉइंट कमिश्नर महोदया ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं समाधान का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय एवं नियमित संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।
















