हल्द्वानी: मदर्स डे पर ग्रीन वुड्स ग्लोबल स्कूल में सजी खुशियों की महफिल, नन्हे बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता सभी का दिल

हल्द्वानी। मदर्स डे के अवसर पर सोमवार को ग्रीन वुड्स ग्लोबल सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्री-प्राइमरी वर्ग द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं अध्यक्ष द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का वातावरण उत्साह, प्रेम और अपनत्व की भावनाओं से सराबोर दिखाई दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्राइमरी वर्ग के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत समूहगान से हुई, जिसने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान और स्नेह को बेहद खूबसूरत अंदाज में व्यक्त किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर उपस्थित सभी माताएं भावुक और प्रसन्न नजर आईं।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण माताओं द्वारा किया गया आकर्षक रैम्प वॉक रहा। विभिन्न परिधानों में सजी माताओं ने आत्मविश्वास और उत्साह के साथ रैम्प पर अपनी प्रस्तुति दी, जिस पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। इसके अतिरिक्त माताओं एवं बच्चों के लिए कई मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और आनंद उठाया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर हंसी, खुशी और उल्लास से गूंजता रहा। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी माताओं को मदर्स डे की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके योगदान और त्याग के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

























